महासमुन्द

पार्षद ने सफाई-विकास को ले भेदभाव का लगाया आरोप
13-Mar-2022 6:41 PM
पार्षद ने सफाई-विकास को ले भेदभाव का लगाया आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 13 मार्च। शहर के वार्ड 20 के पार्षद महेंद्र जैन ने नगरपालिका के मुख्य नगरपालिका अधिकारी पर वार्ड की सफाई व्यवस्था एवं विकास को लेकर भेदभाव करने का तथा उनके द्वारा शिकायत पत्रों पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है।

 महेंद्र जैन ने कहा कि चार-छह महीनों से नगर पालिका अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी को अनेक पत्र वार्ड समस्या के निराकरण के लिए दिया जा चुका है, लेकिन कार्रवाई पूरी तरह शून्य है। इसमें कभी भी कोई अप्रिय स्थिति निर्मित हो सकती है या फिर कोई बड़ी बीमारी भयंकर स्थिति ला सकती है। लेकिन पालिका प्रमुख का इस ओर अनेक पत्र दिए जाने के बावजूद ध्यान न देना समझ से परे है। वार्ड की सफाई का इतना बुरा होने की वार्ड के नागरिकों के द्वारा लगातार फोन की घंटी बजाई जाती है।

महेन्द्र जैैन नेे अपने पत्र में लिखा है कि गर्मी के दिनों में लोगों के घरों में नाली का गंदा पानी भरने लगा है। स्टेशन रोड में अनेक स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं जहां पर मोटरसाइकिल एवं कार से चलने वाले लोगों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

इसकी मरम्मत में बहुत अधिक आर्थिक खर्च की संभावना नहीं है। उसके बावजूद उक्त कार्य को ना करना वार्ड के नागरिकों एवं जनप्रतिनिधि को परेशान करने की साजिश नजर आती है। बालक उच्चतर माध्यमिक शाला के मूत्रालय एवं अपना मार्केट के मूत्रालय का गंदा पानी एक गड्ढे से होकर रोड के किनारे एक निश्चित स्थान पर जमा हो रहा है। जहां पर प्रतिदिन सैकड़ों नागरिकों का आना जाना लगा रहता है।

महेंद्र ने कहा कि पांच महीना पहले अपनी पार्षद निधि से नाली बनाने का वर्क आर्डर जारी किया जा चुका है किंतु आज तक उक्त नाली का कार्य प्रारंभ नहीं किया जा सका है। अनेक बार अपनी मांग को लेकर वे अध्यक्ष एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी से मिल चुके हैं।


अन्य पोस्ट