महासमुन्द

झारा में हाट बाजार कैंप, सब्जी खरीदने पहुंचे ग्रामीण राजस्व प्रकरणों का निपटारा करा लौटे
13-Mar-2022 3:43 PM
झारा में हाट बाजार कैंप, सब्जी खरीदने पहुंचे ग्रामीण राजस्व प्रकरणों का निपटारा करा लौटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 मार्च।
महासमुंद तहसील में राजस्व मामलों के त्वरित निपटारे के लिए मार्च माह में विभाग द्वारा गांवों के हाट-बाजार में कैंप कोर्ट आयोजित किया जा रहा है। इस कोर्ट के माध्यम से बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोग अब राजस्व से संबंधित अपने कार्य भी करा रहे हैं।  इस कोर्ट कैंप के माध्यम से लोगों को तहसील कार्यालय का चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है तो उनके कार्य भी त्वरित हो रहे हैं। इसे लेकर ग्रामीण कह रहे हैं कि एक पंथ से अब दो काज हो जा रहे हैं। तहसील में साप्ताहिक बाजार हाटों में गुरूवार से राजस्व कैंप कोर्ट की शुरुआत की गई है। इसके सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम देखने को मिल रहा है।

कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के निर्देश पर एसडीएम महासमुंद भागवत जायसवाल के मार्गदर्शन में तहसील महासमुंद स्थित ग्राम झारा में शुक्रवार को हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट लगाया गया। कैंप में ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का ग्रामीणों के बीच में ही सीधे और सुलभ तरीके से 100 से अधिक प्रकरणों का निराकरण किया गया। इस हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट में 14 नामांतरण के प्रकरणों, 4 द्वितीय किसान किताब, 30 अस्थाई जाति प्रमाण पत्र, 52 आय प्रमाण पत्र,2 सोल्वेंसी प्रकरण और 2 नाबालिग से बालिग अभिलेख सुधार के प्रकरणों का स्थल पर ही निराकृत किया गया।

शुक्रवार को ग्राम झारा में कैंप कोर्ट में ग्राम झारा के किसान ठाकुर राम निषाद घर के लिए साग सब्जी की खरीददारी के लिए गांव के ही हाट बाजार गए थे। वहां उन्होंने बाजार स्थल में ही टेंट लगा देखा। जिसमें हाट बाजार राजस्व कैंप कोर्ट लिखा पाया। ठाकुर राम को याद आया कि उनकी बड़ी मां राम बाई और वेदबाई का निधन होने के बाद फौती नहीं उठी है। उन्होंने सीधे टेंट में बैठे नायब तहसीलदार के पास पहुंचकर अपनी समस्या बताई। नायब तहसीलदार सूरज बंछोर ने तुरंत प्रकरण दर्ज किया। पटवारी ने उपस्थित गांव वालों और कोटवार से पता करके मृतक के वारिसानों की जानकारी लेकर वारिसान प्रमाण पत्र बनाया और कुछ देर में ही तहसीलदार ने नियत प्रक्रिया का पालन करते हुए फ ौती उठाए जाने का आदेश पारित कर दिया गया।

इसी तरह झारा के ही गणेशराम भी सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे।
यहां कैंप देख उन्हें भी अपनी कटी-फ़टी किसान किताब याद आई। तहसीलदार ने उनसे अत्यंत खऱाब किसान-किताब लेकर राजस्व रिकार्ड से जांच करके पटवारी को द्वितीय किसान किताब बनाने निर्देश किया और पटवारी शशांक चंद्राकर ने गांव वालों की उपस्थिति में तत्काल किसान किताब की द्वितीय प्रति गणेशराम को दे दी।


अन्य पोस्ट