महासमुन्द
आर्थिक स्थिति से लेकर सभी विषयों की होगी पड़ताल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 मार्च। आरटीई के तहत महासमुंद के निजी स्कूलों में बच्चों के लिए निर्धारित सीट और प्रवेशित बच्चों का भौतिक सत्यापन होगा। इसके अलावा शासन से मांगी जाने वाली फीस का भी सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद ही शासन की ओर से बच्चों के प्रवेशित संख्या के आधार पर संबंधित संस्थान को फ ीस का भुगतान होगा। इसके अलावा आरटीई के नियमों को ताक पर रखकर प्रवेश देने या बिना पात्रता के प्रवेश देने वाले स्कूलों पर कार्रवाई भी होगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को जांच का आदेश दिया है। इस तरह की जांच पूरे प्रदेश में होगी। मौजूदा फॉर्म भरने वाले सीटों पर पहले जांच होगी उसके बाद ही बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा अब तक जिन बच्चों का प्रवेश हो चुका है, उनकी भी जांच होगी। यह देखा जाएगा कि आरटीई के तहत पात्रता रखने वाले बच्चों को इसका लाभ मिल रहा है या नहीं।
मालूम हो कि आरटीई के तहत प्रवेश में अनियमितता की शिकायत के बाद ही निजी स्कूलों की जांच का निर्णय लिया गया है। इसके तहत पिछले कई सालों से आरटीई योजना के तहत पढ़ाई कर रहे छात्र के संबंध में जानकारी जुटाई जाएगी। किसी भी निजी स्कूल प्रबंधन आरटीई के छात्रों के प्रवेश में गड़बड़ी न कर सके, इसके लिए छात्रों के आर्थिक स्थिति से लेकर उनकी पात्रता तक सभी विषयों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के दौरान उन स्कूलों पर खास नजर रहेगी, जहां छात्रों के प्रवेश को लेकर पहले से ही शिकायत मिल रही है।
जानकारी मिली है कि यदि किसी स्कूल ने गलत आंकड़े पेश किए तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय के संचालक सुनील कुमार जैन ने आरटीई सीट व फीस लेने की शिकायत को लेकर जांच के आदेश दिए हैं। इस संबंध में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारतीय का कहना है कि जांच के आदेश मिले हैं। जल्द ही कार्रवाई करते हुए सभी स्कूलों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा। आरटीई के तहत शासन से फीस लेने के बावजूद परिजनों को अन्य फीस को लेकर परेशान करने वाले स्कूलों की भी जांच होगी। पूर्व में कई स्कूलों में इसकी शिकायत सामने आई थी। शासन की ओर से भी निजी स्कूलों को आरटीई के तहत रुपए नहीं मिल रहे हैं। रुके हुए रुपए अब भौतिक सत्यापन के बाद मिलेंगे।
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी निर्देश के अनुसार निजी स्कूलों की जांच के लिए अलग से टीम बनाई जाएगी। विकासखंड स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राचार्य को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। विकासखंड की जरूरत के मुताबिक 3 से 4 नोडल को नियुक्त किया जाएगा। सहायक विकासखंड जिला शिक्षा अधिकारी भी सहयोग करेंगे। निजी स्कूलों में आरटीई के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों के भौतिक सत्यापन की जिम्मेदारी डीईओ को होगी।
अर्जुण्डा में महिला प्रशिक्षणार्थियों को कॉस्ट्यूम ज्वेलरी प्रशिक्षण
महासमुंद, 11 मार्च। बड़ौदा आरसेटी महासमुंद के द्वारा सरायपाली विकासखण्ड के ग्राम अर्जुण्डा में 25 फरवरी से 9 मार्च तक 13 दिनों तक महिला प्रशिक्षणार्थियों को कॉस्ट्यूम ज्वेलरी उद्यमी के लिए प्रशिक्षित किया गया। बड़ौदा आरसेटी के निदेशक ने बताया कि इसका समापन 9 मार्च को किया गया तथा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह के उपलक्ष्य में महिलाओं को सम्मानित किया गया।
दिव्यांग प्रशिक्षणार्थी कु. सुनिता जगदल्ला को प्रमाण पत्र एवं पुरूस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर डीडीएम नाबार्ड प्रिर्यव्रत साहू, बड़ौदा आरसेटी महासमुंद के निदेशक संजीव प्रकाश, बड़ौदा आरसेटी के संकाय सहायक कमलेश पटेल एवं कॉस्ट्यूम ज्वेलरी उद्यमी अश्वनी सोनी असेसेर एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।