महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरायपाली, 9 मार्च। फुलझर राज निषाद केंवट समाज महासभा सरायपाली के द्वारा विगत दिनों स्थानीय झिलमिला टाउनहॉल में प्रात: 9 बजे से भक्त गुहा निषादराज जयंती कार्यक्रम एवं वार्षिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान विभिन्न सामाजिक पहलुओं पर विचार विमर्श किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप अमृत पटेल अध्यक्ष नगर पालिका सरायपाली एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पार्षद हरदीप सिंह रैना उपस्थित थे।
बैठक में वार्षिक आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया तथा महासभा के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चुनाव किया गया। जिसमें अध्यक्ष के रूप में मनीराम निषाद सांई सरायपाली को नियुक्त किया गया। वहीं महासचिव पिताम्बर निषाद मोहदा, कोषाध्यक्ष के रूप् में चक्रधर निषाद कोटगढ़ को मनोनीत किया गया। बैठक में मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा निषाद समाज के लिए सामाजिक भवन हेतु जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया साथ ही सामाजिक भवन लिए शासन से राशि दिलाने का भी आश्वासन दिया गया।