महासमुन्द

जब तक एसडीएम को हटाया नहीं जाता,एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा-अधिवक्ता संघ
08-Mar-2022 2:36 PM
जब तक एसडीएम को हटाया नहीं जाता,एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा-अधिवक्ता संघ

आरोप-महासमुंद एसडीएम पक्षकारों से सीधे डील करते हैं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 मार्च।
महासमुंद एसडीएम भागवत जायसवाल को हटाने की मांग को लेकर चौथी बार अधिवक्ता संघ ने कलेक्टर से मुलाकात की। सोमवार की दोपहर कलेक्टोरेट पहुंचे अधिवक्ताओं ने कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर से मुलाकात की। अधिवक्ताओं ने कहा कि एसडीएम को हटाने के लिए पूर्व में आपको ज्ञापन सौंपा गया था लेकिन इस पर अब तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है। कलेक्टर की ओर से एक बार फिर जल्द कार्रवाई का आश्वासन मिला है। इस आश्वासन पर अधिवक्ता नाराज हो गए और बाहर निकलकर नारेबाजी करने लगे। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि जब तक एसडीएम को हटाया नहीं जाता, तब तक एसडीएम कोर्ट का बहिष्कार जारी रहेगा। यदि एसडीएम को नहीं हटाया गया तो कलेक्टर कोर्ट का भी बहिष्कार किया जा सकता है। उन्हंोंने बताया कि हर बार केवल आश्वासन ही दिया जा रहा है।

अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि महासमुंद एसडीएम पक्षकारों से सीधे डील करते हैं और पक्षकारों से वकीलों के साथ नहीं आने को कहा जाता है। ऐसी कई शिकायतें हमारे पास पक्षकारों से जरिए आई है। अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि एसडीएम कोर्ट में 151 के मामले, डायवर्सन के मामले में भी बोला जाता है कि अधिवक्ताओं की आवश्यकता नहीं है, जो पूरी तरह से गलत और भ्रष्टाचार को जन्म देने वाला है।
 


अन्य पोस्ट