महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 मार्च। कक्षा दसवीं बोर्ड परीक्षा का पहला पर्चा गुरूवार को हुआ। दसवीं में पहला पर्चा हिंदी का था और पर्चा देकर स्कूल से बाहर निकलने वाले छात्रों के चेहरे में मुस्कान थी। हालांकि उनमें लिखने की स्पीड कम थी इसलिए बहुत से छात्रों ने कुछेक प्रश्न के आंसर हल नहीं किया। बोर्ड परीक्षा दिलाने वाले छात्र-छात्राओं का कहना है कि हिंदी का पर्चा दो से ढाई घंटे में समाप्त हो जाता था, लेकिन इस बार पूरे तीन घंटे लग गए। इसका कारण दो सालों से लिखने की स्पीड कम होना है। पिछले दो साल असाइनमेंट प्रक्रिया के तहत प्रश्नों को हल किए थे। उस दौरान समय की पाबंदी नहीं थी। इस साल ऑफलाइन परीक्षा में निर्धारित समय है, इसलिए छात्रों को परेशानी हुई।
शासकीय डीएमएस स्कूल में परीक्षा देकर बाहर निकलने वाले छात्र-छात्राओं ने बताया कि पर्चा बहुत सरल था। लेकिन समय के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि 70 प्रतिशत कोर्स के अंदर से ही प्रश्न आए थे। वरिष्ठ व्याख्याता विवेक वर्मा के मुताबिक कोरोना काल का प्रभाव प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष ढंग से अब भी पड़ रहा है। हिंदी जैसे पर्चे में सप्लीमेंट्री की खपत अधिक होती थी। लेकिन इस साल खपत बहुत ही कम है। 12वीं परीक्षा का भी यही हाल है। प्रश्नों का समावेश बेहतर था।
जानकारी के मुताबिक कक्षा 10वीं में भी कोरोना के संबंध में प्रश्न पूछे गए थे। हिंदी पर्चे के 16वें प्रश्न में छात्रों को 200 से 300 शब्दों में कोरोना के निबंध लिखने के लिए कहा गया था। इसमें पांच विषय दिए गए थे, जिसमें निबंध लिखना था। इसमें विकास के पथ पर छत्तीसगढ़, परहित सरिस धर्म नहीं भाई, स्वच्छता अभियान में छात्रों की भूमिका, कोविड.19 एक महामारी व संचार क्रांति शामिल थे। इसके अलावा परीक्षा अवधि में ध्वनि विस्तारक यंत्र पर प्रतिबंध लगाने के लिए जिलाधीश को एक आवेदन लिखने के लिए भी कहा गया था।