महासमुन्द

राजस्व प्रकरणों के निपटान में आयी तेजी
03-Mar-2022 8:13 PM
राजस्व प्रकरणों के निपटान में आयी तेजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 मार्च। कलेक्टर के मार्गदर्शन में विगत छ: महीने में अनुविभागीय अधिकारी रा. महासमुंद और तहसील कार्यालय द्वारा नगरीय क्षेत्र में अतिक्रमित शासकीय भूमि का व्यवस्थापन अर्थात शासकीय भूमि में अतिक्रमण करने वाले लोगो को भूमिस्वामी हक में परिवर्तन किए जाने पर शासकीय मद में 2 करोड़ 48 लाख 44 हजार रुपए जमा किया गया। अब ये अतिक्रामक के श्रेणी से निकल भूमिस्वामी बन चुके हैं। इसी दौरान तहसील महासमुंद में उल्लेखनीय रूप से प्रकरणों का निपटारा किया गया।

अब लोगों को लंबे समय से कोर्ट के चक्कर काटने से मुक्ति मिल रही है। इस छमाही में तहसीलदारों ने 1709 नामांतरण प्रकरण निपटाए हैं। उसी प्रकार से 105 बंटवारा और लंबित 180 सीमांकन प्रकरण निपटाए गए हैं। लोगों के भूमि रिकार्ड में आये त्रुटियों का निपटान करते हुए 127 बंदोबस्त त्रुटि सुधार के प्रकरणों का निपटारा किया गया।

मालूम हो कि सही समय पर लोगों को सेवा मिल सके और विभिन्न शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में लाभ दिलाने वाले सेवाओं में  लोक सेवा गारंटी योजना के अंतर्गत 10.059 आय प्रमाण पत्र जारी किए गए। लोगों को 3235 स्थायी जाति प्रमाण पत्र जारी किया गया। इसी प्रकार 3619 मूल निवास प्रमाण पत्र समय सीमा में जारी किया गया। शासकीय योजनाओं के लिए जमीन अधिग्रहण करने संबंधी प्रक्रिया पूर्ण करते हुएए नहर के भू अर्जन के 8 प्रकरणों का निपटारा किया जाकर हितग्राहियों को 35 लाख रुपए का भुगतान किया गया।

इसी प्रकार रेलवे ओवर ब्रिज का 1 करोड़ 70 लाख का भुगतान करते हुए 8 लोगो का भूअर्जन किया गया। इस दौरान  प्राकृतिक दुर्घटना और आपदा से जान माल की क्षति होने से 74 लाख 41 हजार रुपए का भुगतान किया गया। इस कोविड महामारी से मृत्यु होने वाले 296 लोगों के परिजनों को एक करोड़ 48 लाख रुपए एक्सग्रसिया का भुगतान किया गया।


अन्य पोस्ट