महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 मार्च। राष्ट्रीय अंधत्व एवं अल्पदृष्टि नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 6 मार्च से 12 मार्च तक विश्व ग्लूकोमा सप्ताह मनाया जाएगा। जिसके तहत ग्लूकोमा काचियाबिंद के मरीजों की पहचान कर उनका उपचार किया जाता है। इससे आंखों में आने वाले स्थायी दृष्टिहीनता को दूर किया जा सकता है। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन.के.मंडपे के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी अंधत्व नियंत्रण डा. मंजूषा चन्द्रसेन द्वारा जनसामान्य को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य केन्द्रों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा तथा जनसामान्य को ग्लूकोमा की जानकारी दी जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में ग्लूकोज स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 40 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों का स्क्रीनिंग कर नेत्र परीक्षण कर नि:शुल्क चश्मा वितरण किया जाएगा। ग्लूकोमा के संभावित मरीजों को जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज, एन.जी.ओ. को उपचार के लिए रेफर किया जाएगा। अंधत्व नियंत्रण हेतु एन.जी.ओ. का भी सहयोग लिया जाएगा। वर्तमान स्थिति में डिजिटल माध्यम, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला स्तर, विकासखण्ड स्तर, ग्रामीण स्तर पर व्हाट्स एप ग्रुप बनाकर आशा कार्यकर्ता और मितानिन को शामिल किया जाएगा। उनके द्वारा ग्लूकोमा की पहचान,उपचार आदि के बारे में जानकारी दी जाएगी। ताकि ग्लूकोमा से होने वाली स्थायी दृष्टिहीनता को रोका जा सके।