महासमुन्द

तीन टाइम पानी आपूर्ति करेगी पालिका
02-Mar-2022 2:25 PM
तीन टाइम पानी आपूर्ति करेगी पालिका

व्यवस्था दुरुस्त होते तक कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक

महासमुंद, 2 मार्च। महासमुंद नगर पालिका परिषद की बैठक में 15 मार्च से तीन टाइम पानी देने के लिए पेयजल आपूर्ति के प्लान की समीक्षा की गई। इसमें पानी टंकियों के अलावा बेलसोंडा फिल्टर प्लांट व महानदी स्थित पंप हाउस से जुड़ी तमाम जानकारी पालिकाध्यक्ष ने ली। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश का एक मात्र नगर पालिका है जहां गर्मी में बिना अतिरिक्त शुल्क के लोगों को औसत मात्रा से अधिक तीन समय पानी दिया जाता है। साथ ही शहर को टैंकर मुक्त किया गया है। बैठक के दौरान उन्होंने पूरे गर्मी तक पानी टंकियों में रात्रिकालीन आपात स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त टीम गठित करने कहा। साथ ही डोर टू डोर नल कनेक्शन की जांच करने और गलत पाए जाने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।  

इस दौरान कर्मचारियों ने अंबेडकर स्कूल स्थित पानी टंकी में लो वोल्टेज की समस्या बताई। जिस पर अध्यक्ष ने ट्रांसफार्मर के लिए शासन को पत्र लिखने कहा। बैठक में सीएमओ आशीष तिवारी, सभापति संदीप घोष, सीताराम तेलक, नौशाद बक्श, अनुराग गुप्ता आदि उपस्थित थे। पानी सप्लाई सुचारू रूप से होने तक और व्यवस्था को दुरुस्त करने तक दोनों विभागों के कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगा दी गई है।

पालिका के इस फैसले से रोजाना 70 लीटर पानी प्रति व्यक्ति के हिसाब से अतिरिक्त सप्लाई की जाएगी। दो टाइम पानी देने पर कुल 1 करोड़ लीटर पानी की सप्लाई पालिका की ओर से रोजाना की जाती थी। 15 मार्च सेे तीन टाइम पानी देने पर अब रोजाना 1.70 करोड़ लीटर पानी की खपत होगी।
-----


अन्य पोस्ट