महासमुन्द
6 का एक साथ अंतिम संस्कार, गांव में सन्नाटा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 मार्च। महाशिवरात्रि की शाम तीन सडक़ हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। लिहाजा आज सुबह से जिले में बसना थाना क्षेत्र के ग्राम रसोड़ा में एक साथ 6 शवों के अंतिम संस्कार की तैयारी जारी है। रसोड़ा निवासी सभी मृतकों के शवों को रात्रि लगभग तीन बजे गांव लाया गया।
समाचार लिखते वक्त सुबह के 10 बजे से बसना में 6 शवों की अंतिम यात्रा शुरू हो चुकी थी। गांव में छह लोगों की मौत से सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव के किसी घर भी घर में चूल्हा नहीं जला है।
कल शाम ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के सुनसुनिया के पास सडक़ दुर्घटना में प्रदीप मलिक (50), उसकी पत्नी पूर्व जनपद सदस्य बासंती, चालक सुकनाथ भोई (50), जगदीश साहू (45), उनका पुत्र मानस साहू (12), शत्रुघन प्रधान (70) रसोड़ा के पूर्व सरपंच उपेन्द्र साहू की बेटी नतनिन की शादी में शामिल होने ग्राम छिंदेकला ओडिशा गए हुए थे, जहां यह हादसा हुआ।
इस घटना के बारे में जानकारी मिली है कि छिंदेकला जा रहे सभी ने तय किया कि पहले पतोरा डेम जाकर शिव जी का दर्शन करेंगे। उसके बाद भोजन करके शादी ग्राम छिंदेकला जाएंगे। शिव मंदिर में पूजा करने के बाद वे पतोरा डेम से निकले और बीजू एक्सप्रेस वे नुआपाड़ा-बरगढ़ रोड पर सफर शुरू हुआ। वे छिंदेकला से महज 10 किलोमीटर दूर थे कि दोपहर करीब 2 बजे महामाया इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल कलेज एंड टेक्निकल साइंस साईंप्लाजा के पास पहुंचे थे कि तेज रफ्तार चल रही उनकी कार अनियंत्रित हो गई। इसके बाद कार रोड के नीचे पहुंचकर किनारे के एक पेंड़ से जा टकराई। कार तेज रफ्तार थी। अत: पेंड़ से टकराने के बाद कार सीधे 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इससे कार में सवार कुल छह लोगों में से पांच की घटनास्थल खाई में ही मौत हो गई और एक ने अस्पताल ले दम तोड़ दिया।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जोंक नुआपाड़ा पुलिस वहां पहुंची और मृतक प्रदीप मलिक के ही फोन से रसोड़ा के प्रमुख मनोज प्रधान को इसकी जानकारी दी। सरपंच मनोज अन्य ग्रामीणों के साथ वाहन से मौके पर पहुंचे। श्री प्रधान ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को रात तीन बजे रसोड़ा लाया था।

खड़े ट्रेलर से टकराई बाइक, 3 की मौत
इसी तरह मंगलवार ही दूसरे हादसे में तीन लोगों की मौत सडक़ दुर्घटना में और हुई। राष्ट्रीय राजमार्ग 53 में तोरला पड़ाव के पास बाइक सवार तीन युवक ट्रेलर ट्रक से भिड़े थे और तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। मृत तीनों युवकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मृत युवकों के बारे में पूरी जानकारी नहीं मिल पाई है। तीनों के शव इस वक्त जिला अस्पताल के चीरघर में पीएम के लिए रखा हुआ है। ट्रेलर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले रखा है। यह घटना मंगलवार की रात 9.30 से 9.45 बजे के आसपास की है बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि तीनों युवक ग्राम जोबा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार ग्राम जोबा के तीन युवक मोटर सायकल में सवार होकर किसी गांव से जोबा वापस जा रहे थे। इसी दरमियान पटेवा के तोरला पड़ाव के पास ट्रेलर ट्रक के पीछे से जा टकराए।
कल ही तीसरी घटना हुई, जिसमें शाम साढ़े 7 बजे बसना के भंरपुर रोड स्थित ग्राम घनापाली में अज्ञात वाहन के चालक ने चैन सिंह जगत निवासी पठीयापाली को अपनी चपेट में ले लिया। चैन सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के समय चैन सिंह जगत अपने घर जाने के लिए सायकिल से निकला था कि अज्ञात अरोपी वाहन चालक ने अपने वाहन को लापरवाही पूर्वक चलाते हुए उसकी सायकल को ठोकर मार दी। वह साइकिल से गिरा और गंभीर चोंटे आने से उसकी मौत हो गई।