महासमुन्द

खैरझिटी में प्रस्तावित स्टील प्लांट के विरोध में तुमगांव परिक्षेत्र के 16 गांवों के किसानों का बेमुद्दत आंदोलन शुरू
26-Feb-2022 7:24 PM
खैरझिटी में प्रस्तावित स्टील प्लांट के विरोध में तुमगांव परिक्षेत्र के 16 गांवों के किसानों का बेमुद्दत आंदोलन शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 26 फरवरी। जिले के ग्राम खैरझिटी में प्रस्तावित स्टील प्लांट के विरोध में तुमगांव परिक्षेत्र के 16 गांवों के किसानों ने अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर दिया है। किसान कौंवाझर के पास प्रस्तावित प्लांट जाने के रास्ते पर ही धरने पर बैठे हुए हैं। किसानों की मांग है कि यहां प्लांट स्थापित नहीं किया जाए। आंदोलनकारियों ने बताया कि खैरझिटी, कौंवाझर, मालीडीह, कुकराडीह की कृषि भूमि पर गैरकानूनी तरीके से प्लांट लगाया जा रहा है। साथ ही इसके लिए 70-80 गांवों के जीवनदायिनी कोडार बांध का पानी उद्योग को देने की तैयारी है।

 इसी के विरोध में कल शुक्रवार सुबह 11.30 बजे से किसानों का आंदोलन शुरू हुआ। आंदोलन के पहले दिन का नेतृत्व राज्य आंदोलनकारी किसान मोर्चा के अध्यक्ष अनिल दुबे, जीपी चंद्राकर, इंजीनियर अशोक ताम्रकार, डा. पंचराम सोनी, छन्नू साहू, श्रीधर चंद्राकर व अलखराम साहू ने किया।

धरना प्रदर्शन का संचालन नंद किशोर यादव, नंदलाल सिन्हा, तरेंद्र यादव उप सरपंच, जीवनलाल साहू सरपंच, चैनुराम साहू, डेविड चंद्राकर, वेदराम यादव, उदेराम चंद्राकर, नंदलाल पटेल, झाड़ूराम साहू, तोषन पटेल ने किया। पहले दिन धरना प्रदर्शन में खैरझिटी,कौंवाझर से 300 से अधिक ग्रामीण शामिल हुए। अनिल दुबे ने कहा कि खैरझिटी, कौंवाझर, मालीडीह, कुकराडीह के अन्नदाताओं से उनकी कृषि भूमि में गैरकानूनी ढंग से उद्योग लगाने की तैयारी की जा रही है। जिसका विरोध जाारी रहेेगा।


अन्य पोस्ट