महासमुन्द
डाइट में चार दिनी क्षमता विकास एवं शाला विकास समिति प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 फरवरी। जला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान;डाइट महासमुंद में जिला स्तरीय शाला विकास समिति एवं क्षमता विकास पर प्रधान पाठकों की चार दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। प्रशिक्षण के तीसरे दिवस जिला शिक्षा अधिकारी एस चंद्रसेन ने प्रशिक्षण का अवलोकन किया। इस दौरान प्रधान पाठकों को संबोधित करते हुये उन्होंने कहा कि शिक्षक बेहतर प्रबंधन एवं जनभागीदारी सुनिश्चित कर विद्यालय का समुचित विकास कर सकते हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने हनुमान की शक्ति, हसियां की धार, कबीर के दोहों, जैसे प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षकों के भीतर अपार शक्ति का एहसास कराया एवं प्रेरित किया। व्याख्याता अमरदास कुर्रे ने कहा कि हमें प्रदेश में माडल स्कूल खोजने की जरुरत नहीं बल्कि महासमुंद जिला इस ओर अग्रसर है।
इसके पहले उद्घाटन सत्र में जिला मिशन समन्वयक डीएमसी अशोक शर्मा एवं डाइट प्राचार्य मीना पाणिग्राही, सहायक प्राध्यापक अरुण प्रधान ने कहा कि उत्कृष्ट प्रधान पाठकों का चयन कर विखं स्रोत दल के रूप में क्षमता विकास एवं प्रबंधन हेतु प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे जिले में मित्रवत एवं मधुर संबंध स्थापित कर शाला प्रबंधन को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि बेहतर शाला प्रबंधन से विद्यालय का सर्वागीण विकास संभव है। इस अवसर पर प्रशिक्षण संयोजक प्रकाश प्रधान एवं एडी कुर्रे, राजेश चंद्राकर, टेकराम सेन ने प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं महत्ता पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के दौरान राज्य एवं जिला स्रोत दल के सदस्य विजय शर्मा, भागवत जगत, ऐतराम साहू ने लक्ष्य निर्धारण, शिक्षक के विकास, विद्यार्थियों के अधिगम विकास में विद्यालय की भूमिका, एक रणनीतिकार अकादमिक क्षमता, भावनात्मक समझदारी, विद्यालय का समग्र विकास, सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर रोचक एवं मनोरंजनात्मक ढंग से प्रकाश डालते हुये शिक्षकों को कुशल प्रबंधन के लिये प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता टेकराम सेन ने किया। सहायक प्राध्यापक के सिंग, व्याख्याता यूडी शर्मा, संतोष साहू, कमलेश पांडेय, सुमन दीवान, किरण कन्नौजे, दुर्गा सिन्हा, जीवन डहरिया, ईश्वर चंद्राकर सहित कुशल प्रशिक्षण विजय शर्मा, भागवत जगत, येतराम साहू का विशेष योगदान रहा ।