महासमुन्द

जिला सहकारी संघ में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा पर संगोष्ठी
23-Feb-2022 6:57 PM
जिला सहकारी संघ में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा पर संगोष्ठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 23 फरवरी। जिला सहकारी संघ मर्यादित महासमुंद में अंतर्राष्ट्रीय मातृभाषा दिवस के अवसर पर सहकारिता संगोष्ठी एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन कर साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आस्था साहित्य समिति अध्यक्ष आनंद तिवारी पौराणिक, तारा चंद्राकर, सहकारिता अधिकारी सुशील कुमार तिग्गा, गुरुवंश सिंह चावला उपस्थित थे। संगोष्ठी में अध्यक्षता करते हुये तारा चंद्राकर ने कहा कि सहकार बिना नहीं उद्घार की युक्ति आज भी प्रासंगिक है। हम अपने जीवन में सहकार के माध्यम से ही उन्नति कर सकते हैं। सुशील कुमार तिग्गा ने सहकारिता से जुड़ी तमाम पहलुओं को विस्तार से ग्रामीण परिवेश से जोडक़र बताया। इस अवसर पर उनकी गजल प्रस्तुति ने सबका मन मोह लिया।

द्वितीय सत्र में काव्य गोष्ठी का शुभारंभ करते साहित्यकार टेकराम सेन ने सर्वप्रथम नागेन्द्र साहू को आमंत्रित किया। काव्यपाठ को आगे बढ़ाते हुये कवि सुरेन्द्र अग्निहोत्री ने कहा कि हिन्दी मेरी जान है हिन्दी मेरी शान है। आधुनिक परिदृश्य को परिलक्षति करते हुये साहित्यकार डा. साधना कसार ने कहा कि मुंह में राम सम्हाल, बगल में छुरी भी संभाल, छोड़ दे एकादश व्रत, सिर्फ  गांधी का नाम संभाल।  बसंत के आगमन पर प्रेम को प्रदर्शित करते हुये सहायक प्राध्यापक सीमा रानी प्रधान ने कहा कि बसंत यदि तुम्हें आना है तो इस बार कुछ इस तरह आना, मिट जाये विषाद ऐसा लेप लगा जाना।

कार्यक्रम के आयोजक जिला सहकारी संघ मर्यादित के अधिकारी कवि हृदय एसआर बंजारे ने कहा कि जयंती त्यौहार में अपने घर द्वार में एक दीपक जलाके देख लें, गुरु बाबा को बुला के देख लें। साहित्यकार कमलेश पांडेय ने छत्तीसगढ़ी में कविता पढ़ीं। टेकराम सेन ने  हिन्दी विकास है सृष्टि है, आंखों की दृष्टि है, सावन की वृष्टि है रढ़ी। इस अवसर पर दिनेश बंजारे, रामगोपाल खूंटे, उषा पाल, सीता टोंडेकर, लक्ष्मी साहू सहित बड़ी संख्या में साहित्य एवं सहकारिता प्रेमी उपस्थित थे। अपने पिता कुलवंत चावला के पद चिन्हों पर चलने वाले गुरुवंश सिंह चावला एवं पूरे टीम ने साहित्यकारों का शाल श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया।


अन्य पोस्ट