महासमुन्द

अलग-अलग सडक़ हादसे में 2 मौतें
23-Feb-2022 2:56 PM
अलग-अलग सडक़ हादसे में 2 मौतें

महासमुंद, 23 फरवरी । जिले के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए हादसे में दो लोगों की मौत हो गई है। पिथौरा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजामर्ग 53 में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। वहीं कोमाखान क्षेत्र के ग्राम ब्रिंदावन में बाइक चालक ने पैदल चल रहे अधेड़ को टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार झलप पटेवा एनएच 53 ग्राम बावनकेरा के पास एक कार डिवाइडर में टकराने से अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों खिलाफ  मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम राजासेवैया खुर्द पिथौरा निवासी टीकम जगत ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा कमल किशोर जगत चाय पीकर रात 12.30 बजे लौट रहा था। पहलवान ढाबे के सामने अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। उसकी वहीं पर ही मौत हो गई। इसी तरह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बिंद्रावन निवासी पवन कुम्हार 50 साल अपने रिश्तेदार के साथ सोमवार शाम 6 बजे शौच के लिए तालाब गया था। वापस आते समय नकटा नाला पार जाने वाले मार्ग पर पहुंचा था कि पीछे से आ रही बाइक चालक ने पवन कुम्हार को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद बाइक चालक मौके पर से फरार हो गया। घायल पवन को रिश्तेदारों ने घर लाया। तब तक उसकी मौत हो गई थी।

तीसरी दुर्घटना में अचानक मवेशी आने से डिवाडर से कार टकरा गई। पटेवा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सुंदरा जिला राजनांदगांव निवासी ओम प्रकाश साहू 42 व योगेश्वर साहू 32 साल दोनों कार में रायगढ़ जा रहे थे। सुबह साढ़े 5 बजे बावनकेरा के पास पहुंचे थे कि अचानक मवेशी सडक़ पर आ गई। इससे कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
कार सवार दोनों को चोट नहीं है।


अन्य पोस्ट