महासमुन्द
संसदीय सचिव विनोद ने प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी। पूरे 9-10 साल पहले हुए महासमुंद जिले में 2.18 करोड़ की फर्नीचर खरीदी का मामला फिर से जांच के घेरे में है। आज से 4 दिन पहले संसदीय सचिव विनोद चंद्राकर ने विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा था जिसकी जांच के लिए एक टीम जिले में पहुंची है। इस तरह महासमुंद शिक्षा विभाग में साल 2010-11 और 11-12 में दो करोड़ रुपए से अधिक की लागत से की गई फर्नीचर खरीदी के मामले की जांच एक बार फिर से शुरू हो गई है। कल सोमवार को जीएडी सीएस पांडेय सहित दो एडिशनल डायरेक्टर महासमुंद पहुंचे थे। अधिकारी यहां दिनभर रहे और मामले में शिकायतकर्ता सहित तात्कालीन डीईओ व अन्य अधिकारी-कर्मचारियों का बयान लिया।
बहरहाल जांच के लिए पहुंचे अधिकारियों ने इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। जानकारी के मुताबिक वर्ष 2010-11, 2011-12 में जिलेभर के स्कूलों के लिए तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम के कार्यकाल में दो करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 16024 सेट मेज,कुर्सी की खरीदी की गई थी। इसे लेकर शिकायतें हुई, जिसमें बताया गया कि खरीदी के बाद गुणवत्ता नियमों को दरकिनार किया गया।
मालूूम हो कि तत्कालीन विधायक अग्नि चंद्राकर ने इस मामले को विधानसभा में भी उठाया था, जिसके बाद जांच कमेटी का गठन किया गया था। जिसकी रिपोर्ट में आरोप सही पाए गए थे। रिपोर्ट में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई थी। उक्त आदेश की फाइल अब दोबारा जांच के लिए खुली है। मामला जब विधानसभा में उठा था, तो 27 मई 2013 को संयुक्त कलेक्टर महासमुंद की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया था। टीम ने पूरे प्रकरण की जांच के बाद 26 जुलाई 2014 को रिपोर्ट प्रस्तुत कर खरीदे गए फर्नीचर को गुणवत्ताहीन बताया था।
जांच रिपोर्ट के आधार पर 17 दिसंबर 2014 को तत्कालीन डीईओ एचआर सोम को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। जांच प्रतिवेदन और डीईओ के कथन के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने 25 मार्च 2015 को कलेक्टर को पत्र जारी कर गुणवत्ताहीन फर्नीचर के क्रय से शासन को हुई आर्थिक हानि का मूल्यांकन कराकर रिपोर्ट भेजने कहा था। इसके जवाब में मई 2015 को कलेक्टर महासमुंद ने कहा कि समस्त फर्नीचर गुणवत्ताहीन है, शासन को आर्थिक हानि हुई है, वसूली की कार्रवाई उचित होगी। इसके बाद 6 फरवरी 2016 को स्कूल शिक्षा विभाग, छत्तीसगढ़ शासन की ओर से कलेक्टर को संबंधित अधिकारी-कर्मचारी से वसूली कर अवगत कराने संबंधी आदेश जारी किया गया लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई थी।
कुल 2.18 करोड़ रुपए में हुई 16 हजार 024 मेज-कुर्सी की खरीदी मामले में तत्कालीन डीईओ व अन्य से वसूली के लिए साल 2016 में जारी आदेश को लेकर बीते 17 फरवरी को संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को पत्र लिखा था जिसमें कलेक्टर के दिए आदेश की कापी भी लगाई। तब जाकर फ ाइल दोबारा खुली है।