महासमुन्द
महासमुंद, 22 फरवरी । जिले के सिरपुर क्षेत्र में एक बार फि र से दंतैल की धमक से किसान व ग्रामीण दहशत में हैं। दंतैल पिछले तीन चार दिनों से क्षेत्र में घूम घूम कर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार की देर रात दंतैल ग्राम खड़सा पहुंचा और यहां गेहूं के फसल को नुकसान पहुंचाया।
यहां से गेहूं के फसल को रौंदते हुए दंतैल कक्ष क्रमांक.26 सकासरार की ओर चला गया। इससे एक दिन पहले ही दंतैल ने ग्राम बनसिवनी में भी धान की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया था। वन विभाग के रेंजर टीआर सिन्हा का कहना है कि एक दंतैल कसडोल क्षेत्र से कुछ ही दिन पहले आया है। वन विभाग की नजर दंतैल पर है। फसल नुकसान का सर्वे भी टीम कर रही है। दंतैल के विचरण से आसपास के गांवों में वन विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। ग्रामीणों व किसानों को लगातार मुनादी कर हाथी के लोकेशन के बारे में जानकारी दी जा रही है।