महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी । कल शाम किसानों को समझाने पहुंची एएसपी मेघा टेम्भुरकर की रणनीति काम नहीं आई और आज सुबह से सहकारी समितियों से खाद की नगद बिक्री की मांग पर किसान चक्काजाम पहुंचे हैं। छग किसान मजदूर महासंघ व किसान जनजागरण संघ सिंघनपुर की ओर से मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार 22 फरवरी को एनएच.53 में सिंघनपुर में किसान चक्काजाम कर रहे हैं। किसानों ने इस संबंध में पहले ही प्रशासन को ज्ञापन सौंप दिया है। किसानों के चक्काजाम को देखते हुए एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर कल सोमवार को बसना पहुंचीं थीं।
एएसपी ने किसान नेताओं को समझाने का काफी प्रयास किया और कहा कि उनकी मांगों को लेकर प्रशासन को अवगत कराया गया है और जल्द ही इसका समाधान निकाला जाएगा। इस पर किसानों ने तत्काल मांग पूरी करने की मांग की और कहा कि मांग पूरी नहीं हुई तो चक्काजाम किया जाएगा।
इधर एएसपी मेघा टेम्भुरकर ने कहा कि किसानों को समझाया गया है। आज मंगलवार को फिर से एसडीएम सरायपाली और कृषि विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों के साथ बैठक कर उन्हें समझाया जाएगा। जबकि किसानों का कहना है कि हमें क्यों कर्जदार बनाया जा रहा है। कर्जदार नहीं बनने के लिए हम खाद खरीदने निजी दुकानों में जाकर तय कीमत से अधिक दाम चुकाकर खाद खरीदते हैं। इस समस्या का प्रमुख कारण समितियों से नगद रूप में खाद नहीं मिलना है।
जानकारी के मुताबिक समितियों से खाद केवल उन किसानों को दिया जाता है, जो ऋण के रूप में खाद खरीदते हैं। वहीं नगद के रूप में समितियों से किसानों को खाद दिया ही नहीं जाता। कृषि विभाग का कहना है कि महासमुंद जिले में रबी सीजन में करीब 40 हजार किसान अलग-अलग फसल लेते हैं। इन्हें हर साल करीब 50 हजार मीट्रिक टन खाद की जरूरत होती है। समितियों से केवल 1310 किसानों को ही खाद का वितरण किया गया है,क्योंकि इन किसानों ने समितियों से ऋण लिया है।
किसानों को समितियों से 1528 मीट्रिक टन खाद का वितरण किया गया है। अन्य किसान यूरिया, डीएपी सहित अन्य खाद के लिए निजी दुकानों पर निर्भर हैं, और अधिक दाम में खाद लेने के लिए मजबूर हैं। बहरहाल छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ महासमुंद के संयोजक मंडल सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर और किसान जन जागरण संघ सिंघनपुर बसना के पदाधिकारी, जनपद सदस्य सोहन पटेल की देखरेख में प्रदर्शन जारी है।