महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 फरवरी । जिला अस्पताल महासमुंद में कल सोमवार को एक मामला आया। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शाहबाज राजवानी अपने रिश्तेदार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने ओपीडी में पूछा हड्डी रोग विशेषज्ञ कौन हैं, बताया गया डा मानस हैं। उनके बैठने का कमरा नंबर भी बताया गया। मरीज का मर्ज पूछकर ओपीडी पर्ची भी बनाई गई। लेकिन डाक्टर के कमरे में कोई नहीं मिला। कुछ देर इंतजार करने के बाद शाहबाज ने चिकित्सक का मोबाइल नंबर लेने प्रयास किया। बड़ी मशक्कत से नंबर मिला। शाहबाज ने बताया कि चिकित्सक से संपर्क कर जिला अस्पताल आने का अनुरोध किया तब उनसे जवाब मिला कि इलाज कराने क्लीनिक आ जाइए। हम क्लीनिक में बैठे हैं।
शाहबाज ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने अधीक्षक डा संतोष सोनकर से बात कर उस बात पर आपत्ति की कि जब हड्डी रोग विशेषज्ञ नहीं है या अवकाश पर है तो ओपीडी पर्ची क्यों काटी गई। तब स्पष्ट क्यों नहीं बताया गया और जिनकी ड्यूटी है, वे ड्यूटी समय पर मरीज को अपने निजी क्लीनिक आने क्यों कह रहे हैं। आपत्ति के बाद डा सोनकर के बुलावे पर डा मानस जिला अस्पताल पहुंचे और मरीज को देखा। इधर ओपीडी स्टाफ से पूछने पर शाहबाज को बताया कि डा मानस जिला अस्पताल आये थे, वे ड्यूटी में हैं। बताया गया तभी पर्ची काटी गई। पूरे मामले की शिकायत शाहबाज राजवानी ने कलेक्टर नीलेश कुमार से लिखित में की है।
मालूम हो कि जिला अस्पताल की छवि सुधारने संसदीय सचिव विनोद चन्द्राकर लगातार प्रयास कर रहे हैं। वे कभी भी रायपुर से महासमुंद या महासमुंद से रायपुर जाते जिला अस्पताल जाकर औचक निरीक्षण करते हैं। ऐसे में इस तरह गैरजिम्मेदाराना व्यवहार से जिला अस्पताल की बेहतर छवि बनाने के प्रयासों पर धक्का लग रहा है। जिला अस्पताल सलाहकार निखिल गोस्वामी ने बताया कि एचओडी अस्थि रोग डा रजत की सोमवार को ड्यूटी थी। उनके हाथ में तकलीफ होने पर उन्होंने डा मानस से मदद मांगी और सोमवार को जिला अस्पताल में बैठकर मरीज देखने का अनुरोध किया। डा मानस की सहमति पर ही वे अचानक अवकाश पर गए। गोस्वामी ने कहा कि सूचना के बाद मरीज देखने डा मानस अस्पताल पहुंचे। वैसे डाक्टर मानस का 21 फरवरी तक पितृत्व अवकाश स्वीकृत है।