महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,21 फरवरी। महासमुंद जिले के दो थाना क्षेत्रों में अवैध शराब पर कार्रवाई करते हुए कल रविवार को चार लोगों को गिरफ्तार कर इनके पास से 100 लीटर देशी महुआ शराब जब्त किया गया है। आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सांकरा थाना प्रभारी वीणा यादव ने बताया कि 2 अलग अलग प्रकरणों में कुल 70 लीटर देशी महुआ शराब बरामद किया गया है। कल रविवार को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बनडबरी सांकरा निवासी अलेख घोसो 21 साल एवं अपचारी बालक को पकड़ा। इनके कब्जे से 20 लीटर महुआ शराब जब्त किया गया, जिसकी कीमत 4000 रुपए आंकी गई है। वहीं ग्राम बगारदरहा डीपापारा में भी गांव के विजय कुमार साव 29 को 50 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा। जब्त शराब की कीमत 10 हजार रुपए आंकी गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में लिया गया है।
इसी तरह महासमुंद पुलिस ने 100 लीटर शराब के साथ चार लोगों को पकड़ा है। बागबाहरा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धान संग्रहण केन्द्र के पास पिथौरा रोड बागबाहर में एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम उक्त स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर थानापारा वार्ड क्रमांक चार निवासी गोकुल कुलदीप 63 साल को हिरासत में लिया। उसके कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त किया गया है।