महासमुन्द

अछोला सरपंच पर अनियमितता का आरोप, जांच शुरू
21-Feb-2022 4:35 PM
अछोला सरपंच पर अनियमितता का आरोप, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 21 फरवरी ।
महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत अछोला सरपंच पर ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाया है। पंचायत के उप सरपंच, तमाम पंच व ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच ने कई कामों के नाम पर पंचायत से राशि का आहरण किया है जबकि कोई भी निर्माण कार्य नहीं हुआ है।

इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री,जनपद पंचायत महासमुंद के सीईओ से की गई है। शिकायत में बताया गया है कि सरपंच व सचिव दोनों ने मिलकर वर्ष 2020-21 में पंचायत को प्राप्त 14वें और 15 वें वित्त सहित अन्य मदों की राशि को बिना कार्य किए ही निकाला है। ग्रामीणों की शिकायत पर जनपद पंचायत के अधिकारी ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में जनपद पंचायत के एडीईओ आरएन वर्मा की अगुवाई में जांच की प्रक्रिया जारी है। जांच अधिकारियों ने गांव पहुंचकर निर्माण कार्यों का जायजा भी लिया है। मामले में पूछने पर अधिकारियों ने केवल इतना कहा कि जांच जारी है। जांच के बाद रिपोर्ट जनपद सीईओ को सौंपी जाएगी। वहीं जनपद पंचायत महासमुंद के सीईओ एमआर यदु का कहना है कि अधिकारी मामलकी जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। मामले में आरोपों पर सरपंच कमल नारायण साहू का कहना है कि वास्तविकता में जो काम हुए हैं, उसी का पैसा आहरण किया गया है।

गौरतलब है कि सरपंच पर पुलिया निर्माण में 5.57 लाख, स्टेशनरी सामग्री खरीदी में 1.14 लाख, शीतला चौक पर पेटिंग के नाम पर 42 हजार, तालाब में सौंदर्यीकरण के नाम पर 40 हजार, कांजी हाउस में टिन शेड निर्माण पर 2.29 लाख, आंनगबाड़ी भवनों के कार्यों में 2.83 लाख, क्वारंटाइन सेंटर के नाम पर 3.77 लाख, सरकारी कुंआ में पर्दा निर्माण के लिए 43 हजार अनियमितता का आरोप है। उप सरपंच योगेश यादव, पंच बीणा साहू, पार्वती, नारद आदि ने इन कार्यों के स्थलीय जांच की मांग की थी।
 


अन्य पोस्ट