महासमुन्द

चोरी के फेर में पकड़ाया, 10 चोरियों का खुलासा
18-Feb-2022 6:38 PM
 चोरी के फेर में पकड़ाया, 10 चोरियों का खुलासा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 फरवरी। चोरी की वारदात को अंजाम देने खल्लारी थाना क्षेत्र पहुंचा युवक वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे नहीं मालूम था कि इस बार वह पकड़ा जाएगा। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो 10 चोरियों का खुलासा एक साथ हो गया। चोर ने महासमुंद के कचहरी चौक स्थित हनुमान मंदिर, गोलछा इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य स्थानों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया था।

आरोपी नयापारा जिला रायपुर का रहने वाला है। वहां से आकर घटना को अंजाम देता था। आरोपी ने नयापारा क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से सोने चांदी के जेवरात व चोरी के अन्य सामान को जब्त कर लिया है, जबकि नगदी को वह खर्च कर चुका था।

पुुलिस का कहना है कि आरोपी ने चोरी के सामान को अपने घर में छुपाकर रखा था, जिसे बरामद कर लिया गया है। आरोपी निगरानी बदमाश है। इसके पूर्व महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा क्षेत्र में भी पूर्व चोरी के मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस के मुताबिक 15-16 फरवरी की मध्य रात खल्लारी चौक के एक दुकान के पास खड़ा था और पुलिस को देखते ही भागने लगा। पुलिस ने जब उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की तो 10 चोरियों का खुलासा हुआ। आरोपी ग्राम सोनवारी बाजार देवार पारा नयापारा राजिम थाना नयापारा रायपुर निवासी सुरेश उर्फ बउवा के पास से सोने का एक जोड़ी झुमका, सोने की नथनी, चैन सहित 12 नग घड़ी, 1 नग मोबाइल, 1 नग बैटरी, एक नग पुराना मोबाइल जब्त किया गया है।

पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी ने स्टेशन रोड स्थित गोलछा इलेक्ट्रॉनिक, कोतवाली से लगे मेन रोड स्थित कचहरी चौक बजरंगबली मंदिर, ग्राम खल्लारी मेनरोड स्थित मारूती कम्प्यूटर, उसके बगल के वेल्डिंग दुकान, वहीं से लगे ऑटो पाट्र्स व प्रिंटिंग दुकान, खरियार रोड ओडिशा स्टेशन रोड स्थित किराना दुकान, पान ठेला, ग्राम किरवई थाना राजिम जिला रायपुर रोड किनारे स्थिति दुर्गा मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। यहां से सोने चांदी के जेवरात, नगदी रकम व अन्य सामान चोरी किया है।


अन्य पोस्ट