महासमुन्द

ओडि़शी एकल नृत्य, अनुज शर्मा नाइट के कलाकारों ने समा बांधा
18-Feb-2022 4:37 PM
ओडि़शी एकल नृत्य, अनुज शर्मा नाइट के कलाकारों ने समा बांधा

सिरपुर महोत्सव का रंगारंग समापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 फरवरी ।
सिरपुर महोत्सव का कल रंगारंग समापन जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू की मुख्य आतिथ्य में हुआ। महोत्सव के समापन अवसर पर पचरी के जय सतनाम पंथी पार्टी के स्थानीय कलाकारों ने पंथी नृत्य, नांदबारू सिरपुर के कलाकारों ने  जय गौरा गौरी सुआ नृत्य, बसना के ग्राम बिलखंड के फुलझरिया कर्मा पार्टी ने कर्मा नृत्य, महासमुंद के दिशा नाट्य मंच ने नाटक, ओडि़शी एकल नृत्य आर्या नंदे ने तथा अनुज शर्मा नाइट की आकर्षक रंगारग प्रस्तुति हुई। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर, पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने मुख्य अतिथि की आसन्दी से समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिरपुर महोत्सव संस्कृतियों का त्रिवेणी संगम है। छत्तीसगढ़ लोककला और संस्कृति का गौरवशाली इतिहास है। यही कारण है कि विश्व पर्यटन के फलक पर सिरपुर पर्यटकों की पहली पसंद बन रही है।

उन्होंने कहा कि महोत्सव आयोजन का उद्देश्य विभिन्न संस्कृतियों एवं अपनी परम्पराओं को सहेजने के साथ युवाओं को अवगत कराना और समझाना भी है। गृह मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशानुसार प्रदेश में पर्यटन स्थलों का खूब विकास किया जाएगा। इसके पर्यटन नीति तैयार कर लिया गया हैं। पर्यटन विकास के लिए बुद्धिष्ट सर्किट में जोडऩे पर भी काम किया जा रहा है। सिरपुर में प्रभु श्री राम के चरण रज मिले हुए हैं।

यहां रामगमन पथ विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में सिरपुर महोत्सव को और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मंत्री श्री साहू ने आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई दी। मंत्री श्री साहू ने कलाकारों को सम्मानित किया। समापन अवसर पर विधायक एवं उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण कि़स्मतलाल नंद ने भी संबोधित किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल, स्काउट गाइड के जिलाध्यक्ष दाऊलाल चन्द्राकर, मध्य क्षेत्र आदिवासी प्राधिकरण के सदस्य मोहित ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य अरूण अमर चंद्राकर, जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी, जिला कांग्रेस अध्याक्ष डा. रश्मि चन्द्राकर उपस्थित थे ।
 


अन्य पोस्ट