महासमुन्द

खाद की किल्लत, किसान मजदूर महासंघ ने खाद्य मंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
17-Feb-2022 6:20 PM
खाद की किल्लत, किसान मजदूर महासंघ ने खाद्य मंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 फरवरी। रबी फसल में यूरिया, डीएपी सहित अन्य कंपनियों की खाद को लेकर लगातार किल्लत जारी है। किसानों को सोसाइटियों से कम दामों में खाद मिल नहीं पा रहा है, जबकि समितियों में खाद का स्टॉक रखा हुआ है। सोसाइटियों से यदि खाद लेना है तो इसके लिए किसानों को कर्ज लेना होगा।

लेकिन किसान कर्ज लेकर खाद लेना नहीं चाहते। वहीं समिति में नगद खाद देने का प्रावधान नहीं है। इसकी वजह से उन्हें बीज भंडार में अधिक कीमत चुकाकर खाद लेना पड़ता है। दुकानों में भी किसानों की संख्या अधिक होने के कारण दुकानदार भी मांग को पूरा नहीं कर पाते हैं और कालाबाजारी बढ़ जाती है। इन्हीं समस्याओं को लेकर किसान नेता पिछले एक महीने से सोसाइटियों से नगद खाद विक्रय करने का मांग कर रहे हैं।

आखिरकार छत्तीसगढ़ किसान मजदूर महासंघ के संयोजक मंडल सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर जुगनू चंद्राकर के नेतृत्व में सिरपुर महोत्सव में संस्कृति, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अमरजीत भगत के नाम एसडीएम भागवत जायसवाल को ज्ञापन सौंपा गया। सौंपे ज्ञापन में बताया गया है कि वर्तमान में रबी फसलों के लिए खाद का बड़ा संकट है। किसानों को यूरिया, डीएपी नहीं मिल पा रहा है। प्राइवेट दुकानदार द्वारा 600-700 रुपए में यूरिया बेच रहे हैं। कर्ज लेने वालों को ही यूरिया 266 रुपये डीएपी 1200 रुपये में मिल पा रहा है।


अन्य पोस्ट