महासमुन्द
अच्छे अंक प्राप्त करने के टिप्स भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17 फरवरी। राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा रायपुर ने प्रदेश में कोरोना काल में बच्चों की पढ़ाई में हुए नुकसान की भरपाई तथा विशेष मार्ग दर्शन के लिए उपचारात्मक शिक्षण का कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इस पर जिला शिक्षा कार्यालय महासमुंद के निर्देशन में जिले में संचालित विद्यालयों में उपचारात्मक शिक्षण व मानिटरिंग के लिए सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी व नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में टीम गठित कर 10वीं-12वीं के विद्यार्थियों को उपचारात्मक शिक्षा दी जा रही है।
इस टीम के द्वारा स्कूलों में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए विशेष मार्गदर्शन एवं कठिन विषयों गणित, अंग्रेजी, विज्ञान, भौतिकी, रसायन, गणित, जीव विज्ञान में अच्छे अंक प्राप्त करने के टिप्स दिए जा रहे हैं। साथ ही राज्य स्तर से प्राप्त उपचारात्मक शिक्षण सामग्री की साफ्ट कापी उपलब्ध कराई जा रही है।
इनमें महत्वपूर्ण प्रश्नों एवं मार्गदर्शन के लिए बच्चों में उत्साह देखा जा रहा है। गठित टीम ने कल शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किशनपुर, चारभांठा तथा गोपालपुर स्कूलों की मानिटरिंग की। बच्चों से मुखातिब होकर उनकी समस्याओं का निदान किया गया।
ज्ञात हो कि उपचारात्मक शिक्षण के लिए बेसलाइन प्रश्न पत्र के आधार पर संबंधित स्कूलों द्वारा 25 फीसद कमजोर बच्चों का चयन किया गया है और इन्हीं बच्चों के विशेष मार्गदर्शन एवं कमियों को पूरा करने के लिए उपचारात्मक शिक्षण का यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
मानिटरिंग टीम में विवेक वर्मा व्याख्याता एवं सहायक नोडल अधिकारी भौतिक एवं दसवीं विज्ञान के लिए नंद कुमार चौधरी व्याख्याता रसायन व जीव विज्ञान के लिए अक्षय साहू, व्याख्याता गणित तथा अंग्रेजी विषय के लिए रविशंकर बंछोर व्याख्याता बच्चों के समस्याओं का समाधान कर उन्हें मार्गदर्शन दे रहे हैं।


