महासमुन्द
महासमुंद,17 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में किसान इन दिनों खाद संकट से जूझ रहे हैं। महासमुंद जिले के बसना ब्लाक की कई सोसायटियों में यूरिया नहीं है। यूरिया नहीं मिलने से नाराज किसानों ने दो दिन के भीतर खाद उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में आंदोलन करने की चेतावनी दी है। किसानों ने अनुविभागीय अधिकारी सरायपाली के नाम बसना थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। किसानों की मानें तो यूरिया खाद की किल्लत के चलते निजी दुकानदार मनमानी दर से खाद की बिक्री कर रहे हैं। क्षेत्र में यूरिया खाद को लेकर जबरदस्त मारामारी है।
किसानों ने बताया कि अब यूरिया के लिए शहर में आकर वापस लौट जाते हैं। किसान प्रतिदिन 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तयकर सारे काम-धाम छोडक़र भूखे प्यासे दिन भर खाद के सेंटरों पर आते हंै और निराश होकर लौट शाम को अपने घर चले जाते हैं। खाद की किल्लत के चलते फसलों को खाद नहीं दे पा रहे हैं।