महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 16 फरवरी। महासमुंद जिले में एक महीने बाद फिर से एक दंतैल की आमद बीीती रात को सिरपुर क्षेत्र में हुई है। ये दंतैल कसडोल क्षेत्र से घूमते हुए रात में पहुंचा। दंतैल की आमद से एक बार फिर सिरपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। रात 10 बजे दंतैल खड़सा के गांव में घुस गया था। जैसे ही विभाग को लोकेशन पता चला, गांव पहुंचकर उसे बाहर निकला। रातभर विभाग के कर्मचारियों को दंतैल छकाते रहा। ये आसपास के गांव में घुस जाता था। बताया जा रहा है कि लगातार दंतैल के लोकेशन पर विभाग की नजर है। समाचार लिखते तक यह दंतैल खड़सा गांव के आसपास जंगल में घूम रहा है।
महासमुंद वन परिक्षेत्र अधिकारी टीआर सिन्हा ने बताया कि दंतैल ग्राम खड़सा में देखा गया है। दंतैल का दल कसडोल क्षेत्र के छतालडबरा, मुरुमडीह के बीच जंगल में पिछले एक महीने से घूम रहा हैं। कल रात एक दंतैल सीमा पार कर नांदबारू, सुकुलबाय, केशलडीह, खिरशाली व बंदोरा होते हुए रात साढ़े 10 बजे खड़सा पहुंचा। इसके बाद वहां से टीम ने उसे भगाया। रात 12 बजे ये दंतैल ग्राम लहरंग में घुस गया था। इसके बाद वहां से निकलकर पीढ़ी आया। वर्तमान में दंतैल खड़सा में हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक किसी प्रकार का नुकसान दंतैल ने नहीं पहुंचाया और ना ही फसलों को नुकसान किया है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि सब्जी के फसल को दंतैल ने नुकसान पहुंचाया है।


