महासमुन्द
महासमुंद, 16 फरवरी। रायगढ़ की घटना को लेकर महासमुंद में पटवारी कार्यालय के सामने राजस्व विभाग द्वारा कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के बैनर तले अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रहा। कर्मचारी व अधिकारी धरने पर बैठे हैं। इधर राजस्व विभाग के विरोध में अधिवक्ता संघ भी सामने आ गया है। अधिवक्ताओं ने मंगलवार को न्यायालयीन कार्य बंद रखा और राज्यपाल के नाम मामले की जांच कराने की मांग को लेकर अपर कलेक्टर एके मांझी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ता संघ के एक दिवसीय संाकेतिक आंंदोलन पर चले जाने से जिला सत्र न्यायालय में सन्नाटा पसरा रहा और न्यायिक मामलों की सुनवाई लंबित रही। इसके चलते पक्षकारों को भी वापस लौटना पड़ा। अधिवक्ता संघ ने ज्ञापन सौंप कर विशेष जांच की मांग की है। संघ द्वारा सौंपे ज्ञापन में कहा गया है कि रायगढ़ में अधिवक्ताओं के खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज कराकर उन्हें गिरफ्तार कर अभिरक्षा में भेजा गया है। इसके बाद भी राजस्व अधिकारी-कर्मचारी कलमबंद हड़ताल कर अपने अवैध काम को छुपाना चाहते हैं।
़तहसीलदारों के आंदोलन को समर्थन देने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी आंदोलन स्थल पर पहुंचे थे। इसमें भृत्य, चौकीदार, लिपिक शामिल हैं। कोटवार संघ भी प्रदर्शन के दूसरे दिन स्थल पर पहुंचे थे।


