महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 14 फरवरी। आने वाली सेमेस्टर की परीक्षा ऑफलाइन देनी होगी ऐसा निर्णय इस बार रविवि ने लिया है, लेकिन इससे पहले महाविद्यालयों में पढ़ाई कर रहे रेगुलर छात्र-छात्राओं को प्री. फाइनल परीक्षा देनी होगी। परीक्षा को लेकर महाविद्यालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस परीक्षा की खास बात यह है कि इसमें मिलने वाले नंबर को वार्षिक परीक्षा के अंक में जोड़ा जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी इस परीक्षा को नहीं देगा तो उसके नंबर नहीं जुड़ेंगे। बता दें कि कोरोना संक्रमण के चलते महाविद्यालय में इस बार प्रवेश को लेकर लेट लतीफी हुई है, वहीं कोर्स भी पूरा नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि परीक्षार्थियों के मनोबल व उनके पढ़ाई को निखारने के लिए लिया जा रहा है, ताकि वे वार्षिक परीक्षा में अच्छे से तैयारियां कर लें।
माता कर्मा महाविद्यालय के प्राचार्य रमेश देवांगन के मुताबिक बच्चों के मनोबल को बढ़ाने व उनके द्वारा की गई पढ़ाई की कमी को दूर करने के लिए परीक्षा ली जा रही है। इस परीक्षा से उनके अंदर का डर हटेगा। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा के नंबर का फायदा भी वार्षिक परीक्षा में मिलेगा।
इस तरह प्री. फाइनल परीक्षा पूरी होने के बाद इसकी कॉपियां विद्यार्थियों को दी जाएगी। इससे वे अपनी कॉपियों को देखकर अपनी कमी और गलतियों को दूर सके। महाविद्यालय द्वारा प्री.फाइनल परीक्षा के आयोजित होने के बाद विषय विशेषज्ञ द्वारा मूल्यांकन के बाद विद्यार्थियों को उत्तरपुस्तिका देंगे।
मालूम हो कि कोविड के कारण महाविद्यालयों में यूनिट टेस्ट, त्रैमासिक व अर्धवार्षिक परीक्षा का आयोजन नहीं हो पाया है। इसके कारण प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को वार्षिक परीक्षा देने में परेशानी हो सकती है। पढ़ाई को लेकर पहले ही विद्यार्थी चिंतित हैं, क्योंकि प्रवेश में देरी होने के कारण पढ़ाई हुई नहीं है। वहीं कोरोना को देखते हुए विद्यार्थी इस बार भी ऑनलाइन परीक्षा होने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अब रविवि ने ऑफलाइन परीक्षा का निर्णय लिया है।
रविवि इस बार ऑफलाइन मोड में परीक्षा लेगा। इसलिए परीक्षार्थियों को और सशक्त बनाने के लिए प्री.वार्षिक परीक्षा ले रहा है। इसे केवल रेगुलर विद्यार्थी ही दिला पाएंगे। जानकारी के अनुसार प्री.वार्षिक परीक्षा के प्रश्नों का महाविद्यालय के विषय विशेषज्ञ द्वारा चयन किया जाएगा। वार्षिक परीक्षा की तर्ज पर परीक्षा आयोजित होगी। उन्हें प्रश्नों को हल करने के लिए उत्तरपुस्तिका भी महाविद्यालय ओर से दिया जाएगा।
इस परीक्षा से विद्यार्थी को वार्षिक परीक्षा में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।


