महासमुन्द

ग्रामीण संस्कृति को बनाए रखते हुए डिजिटल होना आवश्यक-सुबोध
14-Feb-2022 6:38 PM
ग्रामीण संस्कृति को बनाए रखते हुए डिजिटल होना आवश्यक-सुबोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 फरवरी। नर्रा के शासकीय कुलदीप निगम उच्च मध्य विद्यालय में स्थापित राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन ग्रामीण विकास युवा 2021 थीम पर आयोजित किया गया। इस दौरान गांव में प्रभातफेरी निकाली गई और ग्रामीणों को जागरूक किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी कामता प्रसाद साहू ने बताया कि शिविर के प्रथम दिवस शिविर का प्रारंभ विद्यालय के प्राचार्य सुबोध तिवारी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। मोहल्ले में प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमे स्वयंसेवकों ने सक्रियता से भाग लिया।

इस दौरान बौद्धिक परिचर्चा में शासकीय कुलदीप निगम उच्च मध्य विद्यालय के व्यावसायिक शिक्षक अरविंद ठाकुर और जयंत साहू ने छात्रों को व्यावसायिक शिक्षा में करियर विषय पर व्याख्यान दिया। छात्रों ने कोविड रोकथाम विषय पर चित्रकारी कर शिविर में प्रदर्शित किया। द्वितीय दिवस नियमित गतिविधियों के संचालन के साथ शिविर की शुरुआत हुई तथा बौद्धिक परिचर्चा में ग्रामीण विकास में तकनीक का योगदान विषय पर प्राचार्य सुबोध तिवारी ने छात्रों से कहा ग्रामीण संस्कृति को बनाए रखते हुए डिजिटल होना आवश्यक है। साथ ही ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा के प्रति भी सजग रहना चाहिए। छात्रों ने इस दिन परिसर में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया। तृतीय दिवस छात्रों ने मोहल्ले के घरों में सर्वे कर परिवार के लोगों को कोविड रोधी टीकाकरण की जानकारी एकत्र कर टीकाकरण के लिए शेष लोगों को प्रेरित किया। बौद्धिक परिचर्चा में छात्रों को वाणिज्य के व्याख्याता पीएल साहू ने बैंकिग गतिविधियों की जानकारी दी।

 छात्रों को सजग किया कि ग्रामीणों को कैसे बैंकिंग फ्राड से बचा जा सकता है। इस दिन छात्रों ने पशु औषधालय परिसर तथा आंगनबाड़ी परिसर के नलकूप एवं अन्य स्थानों पर साफ सफाई कार्य किया।


अन्य पोस्ट