महासमुन्द
आरोप-शिक्षक रहते हैं आए दिन गैरहाजिर, कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 फरवरी। जिले के ग्राम डोंगरीपाली के ग्रामीणों ने कल शनिवार को प्राथमिक स्कूल में ताला जड़ दिया आरै शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां के ग्रामीण स्कूल में पदस्थ 1 शिक्षक और 2 शिक्षिकाओं की अनुपस्थिति को लेकर खासे परेशान हैं। इसके बाद भी जब व्यवस्था में कोई परिवर्तन नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्राथमिक स्कूल के मेन गेट पर ताला लगा दिया और स्कूल के सामने डटकर प्रदर्शन भी किया।
डोंगरीपाली के ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल में पदस्थ दो शिक्षिकाओं विजया डडसेना और सुनीता कोसरिया की पदस्थापना है। वहीं दो शिक्षक दीनबंधु पटेल और कृष्ण कुमार मिरी को व्यवस्था के तौर पर पदस्थ किया गया है। इनमें से सुनीता कोसरिया इस शिक्षा सत्र के शुरुआत से ही स्कूल नहीं आई हैं और दूसरी शिक्षिका विजया डडसेना भी आए दिन स्कूल से गायब रहती हैं। इसी प्रकार व्यवस्था के तौर पर पदस्थ किए गए शिक्षक दीनबंधु पटेल की भी काफी शिकायत है। उनका ध्यान पढ़ाई कराने में नहीं रहता।
मालूम हो कि ग्रामीणों ने इस संबंध में शिक्षा विभाग को 9 फरवरी को लिखित आवेदन देकर व्यवस्था में सुधार की गुहार लगाई थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद 11 फरवरी को विकासखंड शिक्षा अधिकारी पिथौरा केके ठाकुर डोंगरीपाली स्कूल के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। इस दौरान भी एक शिक्षक दीनबंधु पटेल गायब मिले। बीईओ ने जब उक्त शिक्षक को फोन किया तो उन्होंने कोरोना जांच कराने के लिए अस्पताल जाने की जानकारी दी। जबकि शिक्षक ने इसकी जानकारी स्कूल में नहीं दी थी और न ही विद्यालय में अवकाश के संबंध में किसी प्रकार का आवेदन दिया था। शनिवार को स्कूल में ताला जडऩे के बाद ग्रामीणों ने कहा कि प्राथमिक स्कूल की शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही उनके स्थान पर अन्य शिक्षक की पदस्थापना कर दी जाए। इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी केके ठाकुर ने कहा कि दोनों महिला शिक्षकों का वेतन रोक दिया गया है। साथ ही कार्रवाई के लिए प्रकरण तैयार कर जिला शिक्षा कार्यालय को भेजा गया है। सोमवार को स्कूल का संचालन फिर से शुरू हो जाएगा।