महासमुन्द
महासमुंद, 13 फरवरी । महासमुंद जिले में शनिवार को 9 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। ये संक्रमित 740 सैंपलों की जांच में मिले हैं। इसी के साथ शनिवार तक जिले में 160 कोरोना एक्टिव केस हैं। वहीं जिला अस्पताल के कोविड अस्पताल में सिर्फ दो संक्रमितों का ही इलाज हो रहा है और बाकी के संक्रमितों का इलाज होम आइसोलेशन पर ही किया जा रहा है। कल शनिवार को बसना ब्लॉक से एक भी संक्रमित की पहचान नहीं हुई है।
कोरोना महामारी के तीसरी लहर में 43 दिनों में अब तक 1540 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। वहीं जनवरी माह में तीन संक्रमितों की मौत हुई है और फरवरी में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। तीसरी लहर में संक्रमित दर से अधिक डिस्चार्ज रेट भी रहा है। जिले के डॉक्टर अब भी सार्वजनिक स्थानों पर जाने के लिए मास्क का प्रयोग करने की हिदायत दे रहे हैं। साथ ही भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने या वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता के मुताबिक कोरोना टीकाकरण से शरीर में इससे सुरक्षा के लिए आवश्यक इम्यून डेवलप होते हैं। भले ही टीका लगाए जाने के बाद आपको कोरोना संक्रमण हो जाए, लेकिन इससे लडऩे की क्षमता आपके शरीर में रहती है। टीकाकरण के साथ.साथ सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का उपयोग भी कोरोना से बचाव में बहुत कारगर है।


