महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 फरवरी । शहर के अंबेडकर चौक पर कल शनिवार सुबह 6 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। मॉर्निंग वॉक पर जा रहे व्यक्ति को बचाने के चक्कर में एक ट्रक अनियंत्रित होकर अंबेडकर चौक में बने चबूतरे को टक्कर मारते हुए निर्माणाधीन ओवरब्रिज के रिटर्निंग वॉल के गड्ढे में जा घुसा।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक का पट्टा जमीन में नहीं टकराने के कारण ट्रक रुक गया, वरना पूरा ट्रक गड्ढे में गिर जाता। हालांकि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई है, लेकिन रिटर्निंग वॉल की ढलाई के लिए लगाया गया सरिया जरूर मुड़ गया है। जबकि राइजिंग पाइप टूटने से साफ बच गया। हादसे के चलते शहर में करीब छह घंटे तक यातायात व्यवस्था बाधित रही। दोपहर 12 बजे क्रेन के सहारे ट्रक को वहां से हटाने के बाद ट्रैफिक व्यवस्था बहाल हो पाई।
कोतवाली थाना प्रभारी शेरसिंह बंदे ने बताया कि ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेडी 7945 रायपुर से सुबह करीब 5 बजे किराना सामान लेकर ओडिशा कांटाभांजी जा रहा था। ट्रक जैसे ही अंबेडकर चौक के पास पहुंचा, मॉर्निंग वॉक करते हुए एक व्यक्ति सडक़ में ही सामने आ गया। इससे ट्रक का चालक घबरा गया और ट्रक से उसका नियंत्रण खत्म हो गया। अनियंत्रित होकर अंबेडकर चौक के चबूतरे को टक्कर मारते हुए निर्माणाधीन ओवरब्रिज के रिटर्निंवॉल के गड्ढे में जा घुसा।
हादसे के बाद ट्रक को गड्ढे से निकालने में काफी समय लगा। सुबह 6 बजे हादसा होने के बावजूद दोपहर 12 बजे ट्रक को निकला गया। इसके कारण अंबेडकर चौक में जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। चौराहे से चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रक को गड्ढे से बाहर निकालकर उसी स्थान पर छोड़ दिया गया। इससे दिनभर आवागमन में परेशानी बनी रही।
मालूम हो कि अंबेडकर चौक में ओवरब्रिज निर्माण कार्य जारी है। यहां पर रिटर्निंग वॉल के लिए गड्ढा खोदा गया है। बेस की ढलाई का काम चल रहा है। वहीं पर दीवार की ढलाई के लिए भी सरिया बांधा गया है। निर्माण के चलते चौक में एक तरफ की सडक़ काफी संकरी हो गई है। यही कारण है कि यहां हादसे का भय बना रहता है। इसके साथ ही निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए सुरक्षा के उपाय भी नहीं किए गए हैं। ठेकेदार व पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने निर्माण के चलते टिन के शेड व सीमेंट के बेरिकेट्स रखे हैं, लेकिन इन पर सुरक्षा व संकेतक बोर्ड नहीं लगाया है।


