महासमुन्द

तेंदूकोना में प्रस्तावित और भुरकोनी में संचालित शराब दुकान को बंद कराने महिलाएं लामबंद
11-Feb-2022 2:36 PM
तेंदूकोना में प्रस्तावित और भुरकोनी में संचालित शराब दुकान को बंद कराने महिलाएं लामबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 फरवरी।
ग्राम तेंदूकोना में प्रस्तावित और ग्राम भुरकोनी में संचालित शराब दुकान को बंद कराने के लिए 9 गांवों की महिलाएं व नशा मुक्ति अभियान महिला समूह लामबंद हो गई हैं। कल गुरूवार को इन दोनों ही दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाएं कलेक्टोरेट पहुंचीं और कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीण महिला व समूह की रमला यादव, भूमिका, जयंती, दशोदा, प्रेमिन, उमा भारती, दिलेश्वरी यादव सहित सदस्यों ने बताया कि ग्राम पंचायत तेंदूकोना की ओर से गांव में नवीन शराब दुकान खोलने के लिए प्रस्ताव पारित किया गया है। पंचायत द्वारा लिया गया ये निर्णय समाज हित में कतई नहीं है। गांव से 7 किलोमीटर दूर देशी शराब दुकान पहले से ही संचालित हो रही है।

इनका कहना है कि गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल व शासकीय महाविद्यालय संचालित है। यदि गांव में शराब दुकान खुलता है तो बच्चों के भविष्य पर बुरा असर पड़ेगा। ग्राम पंचायत की ओर से शराब दुकान खोले जाने के पीछे कारण गांव के पास ही अवैध रूप से शराब बिकना बताया गया है, जो हास्यास्पद है। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए नवीन शराब दुकान नहीं खोलने और ग्राम भुरकोनी में संचालित दुकान को भी बंद करने की मांग की गई है। प्रतिनिधिमंडल में ग्राम खेड़ी, तेंदूकोना, शिकारीपाली, कलमीदादर, बांसकांटा, डोकरपाली, मोंगरापाली, बुंदेली व टूरीझर के गांव की महिला व समूह की सदस्य शामिल थीं।
 


अन्य पोस्ट