महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी । कांग्रेस जिला अध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि कोरोना महामारी के दौरान नमस्ते ट्रंप करने वाले प्रधानमंत्री मोदी जी लॉकडाउन में फंसे प्रवासी मजदूरों की मदद करने वाले कांग्रेस पार्टी पर झूठा इल्जाम लगाने से पहले अपने नाकामियों के लिए देशवासियों से माफी मांगे। डॉ रश्मि चंद्राकर ने कहा कि संसद में बजट सत्र चल रहा था, मोदी सरकार में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया, बजट में मजदूर, किसान, नौजवान और महिलाओं के लिए कुछ भी नहीं था। विपक्ष के सवालों से घिरी मोदी सरकार बेरोजगारी, पेगासस जासूसी कांड, निजीकरण, लखीमपुर खीरी नरसंहार जैसे मामलों से बचते हुए नजऱ आई। प्रधानमंत्री जी अपने 1 घंटा 40 मिनट के भाषण में सिर्फ झूठ पर झूठ बोलते रहे।
डॉ रश्मि ने कहा कि आज देश की हालत को देखकर कोई भी बता देगा कि मोदी सरकार ने पिछले 8 सालों में छल-कपट और जुमलेबाजी के अलावा कोई भी ऐसा विकास कार्य नहीं किया जिससे लोगों की उन्नति हुई। कोरोनाकाल और लॉकडाउन के समय को लेकर मोदी जी के भाषण का हम कड़ी शब्दों में निंदा करते हैं। देश वह मंजर भूला नहीं है। मैं प्रधानमंत्री मोदी जी को याद दिलाना चाहूंगी कि कोरोना के शुरुआती लक्षण के दौरान आप देश में नमस्ते ट्रंप नहीं करते और ना ही देश का इस तरह से दुर्गति होता। अपने गैर जिम्मेदाराना हरकत के वजह से कोरोना फैला कर आज मोदी सरकार कहती है कि कांग्रेस जिम्मेदार है।