महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 फरवरी। महासमुंद के कांग्रेस भवन चौक स्थित सुंदर चाप सेंटर से खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दही बड़ा, दही और सेव का सैंपल लिया गया है। जिसे जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। मालूम हो कि सोशल मीडिया में बुधवार 9 फरवरी की दोपहर शहर के सुंदर चाप सेंटर में दही बड़े में मक्खी मिलने की शिकायत वायरल हुई थी। सोशल मीडिया में वायरल शिकायत को महासमुंद के खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीलम ठाकुर ने गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभिहित अधिकारी एसडीएम भागवत जायसवाल के मार्गदर्शन में उक्त फर्म पर दबिश दी और विधिवत कार्रवाई की।
अधिकारी ने सुंदर चाप सेंटर में ग्राहकों को दिए जाने वाले दही बड़े, दही और सेव का सैंपल लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती ठाकुर ने तीनों सैंपल को जांच के लिए रायपुर कालीबाड़ी स्थित राज्य प्रयोगशाला भेज दिया है। उनका कहना है कि यदि सैंपल फेल होता है तो संबंधित दुकानदार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधि संगत कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीलम ठाकुर ने सुंदर चाप सेंटर के संचालक को दुकान में साफ सफाई रखने और ग्राहकों को स्वच्छ और हेल्दी नाश्ता देने की सख्त हिदायत दी है। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई भी मौजूद रहे।