महासमुन्द
पिथौरा, 10 फरवरी। सक्रिय साहित्य संस्था श्रृंखला साहित्य मंच द्वारा बसंतोत्सव के अवसर पर ग्राम टेका वनांचल में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। इस काव्य गोष्ठी में कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ रचनाकार स्वराज्य करुण ने की। कार्यक्रम के संचालन का प्रवीण प्रवाह ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ कवि एस के डी डड़सेना ने सरस्वती वन्दना का पाठ किया।
इस अवसर पर युवा कवि निर्वेश दीक्षित ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं से गोष्टी का शुभारंभ किया। कवियत्री गुरप्रीत कौर ने श्रृंखला के कवियों के व्यक्तित्व पर रचनाएँ सुनाई एवं व्यंग्य कविता से खूब वाहवाही लूटी।
वरिष्ठ कवि अनूप दीक्षित की कविताएँ बहुत प्रभावशाली थीं उनकी गज़़ल पाठ भी किया। श्रृंखला के कवि शिवा मोहन्ती ने अपनी रचनाओं से वर्तमान राजनीति पर अनेक चुटिले व्यंग्य किये।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सुप्रसिद्ध कवि स्वराज्य करुण ने अपनी कविता के माध्यम से गोष्टी को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। कवि दिनेश दीक्षित के अलावा कवि एस के नीरज ने हास्य व्यंग की रचनाये सुनाई। छत्तीसगढ़ी भाखा के कवि कवि बंटी छत्तीसगढिय़ा ने बुजुर्गों की दुर्दशा पर बहुत भाव प्रवण कविता सुनाई।
कवियत्री जीतेश्वरी साहू, युवा कवि संजय गोयल ने अपनी क्षणिकाओं अपनी क्षणिकाएं सुनाई। कार्यक्रम का संचालन कर रहे प्रवीण प्रवाह, कवियत्री सरोज साव, एवं उत्तरा सिन्हा ने भी अपनी रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ रचनाकार उमेश दीक्षित ने श्रृंखला के सदस्यों को बसंत उत्सव की बधाई दी और निरंतर उत्कृष्ट साहित्य की रचनाओं के लिए शुभकामनाएँ दी। काव्य गोष्ठी के पश्चात स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर एवं छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध कवि दुर्ग निवासी दानेश्वर शर्मा जी के निधन पर 2 मिनट का मौन रखकर श्रृंखला के सदस्यों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।