महासमुन्द

बेलसोंडा-महासमुंद में पानी-सफाई की अव्यवस्था पर डीआरएम ने कहा-यहां सब ठीक है
09-Feb-2022 6:51 PM
बेलसोंडा-महासमुंद में पानी-सफाई की अव्यवस्था पर डीआरएम ने कहा-यहां सब ठीक है

केवल स्टेशन के पैनल रूम का निरीक्षण किया और 10 मिनट में ही अपने सेलून में बैठकर वापस संबलपुर चले गए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 9 फरवरी। संबलपुर रेलवे डिवीजन के डीआरएम प्रदीप कुमार मंगलवार को रेलवे की टीम के साथ 421 किमी दूर संबलपुर से विशेष सेलून से बेलसोंडा रेलवे स्टेशन निरीक्षण के लिए पहुंचे थे।

 इंस्पेक्शन के तय शेड्यूल के अनुसार बेलसोंडा में करीब 20 मिनट उन्हें रुकना था, लेकिन उन्होंने केवल स्टेशन के पैनल रूम का निरीक्षण किया और 10 मिनट में ही अपने सेलून में बैठकर वापस संबलपुर चले गए। बेलसोंडा सहित महासमुंद और अन्य स्टेशनों में सफाई व्यवस्था नहीं होने और यात्रियों के लिए पेयजल संबंधित परेशानियों की जानकारी भी डीआरएम को दी गई। इस पर उन्होंने कहा यहां सफाई व पानी की व्यवस्था सही है। मैं जब-जब निरीक्षण के लिए आया हूं, व्यवस्था सही मिली है। फिर भी इस दिशा में विशेष पहल की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैनल रूम के सेफ्टी डिवाइस व रजिस्टरों की जांच की। मालूम हो कि स्टेशन में निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण नहीं किया। उन्होंने मीडिया से चर्चा में स्टेशन के सेफ्टी डिवाइस के रखरखाव को अच्छा बताया।

रेलवे डीआरएम 1 बजकर 3 मिनट पर अपने स्टॉफ  के साथ विशेष सेलून में बेलसोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचे। सेलून दो नंबर प्लेटफॉर्म पर आया। वहां से उतरकर कर वे 1 बजकर 7 मिनट में स्टेशन के पैनल कक्ष में गए जहां उन्होंने अपनी टीम के साथ सेफ्टी डिवाइस का निरीक्षण किया। इसके बाद वे 1 बजकर 12 मिनट में बाहर निकले और आसपास की सफाई देखी। ठीक 1 बजकर 17 मिनट पर वे सेलून में जाने के लिए दूसरे नंबर के प्लेटफॉर्म में चले गए। थोड़ी देर बाद वे ट्टिलागढ़ के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा भी की और कहा कि यह उनका रुटीन चेकिंग है। उन्होंने सब सेफ्टी डिवाइज व स्टेशन के मेंटेनेंस के संबंध में सब कुछ अच्छा कहा।

विगत दिनों कोमाखान में ट्रेनों के स्टॉपेज के संबंध में ग्रामीणों ने रेल रोको आंदोलन कर अपनी मांग रेल अधिकारियों तक पहुंचाई थी। आंदोलन के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए रेल मंत्री व अधिकारियों को ट्वीट कर शिकायत करते हुए बताया था कि महासमुंद स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट प्रभारी के द्वारा ग्रामीणों को धमका कर वसूली कर रहा है। इस संबंध में जांच के लिए डीआरएम ने टीम गठित की थी। टीम जांच करने महासमुंद पहुंची थी। इस जांच के संबंध में डीआरएम ने कहा जांच चल रही है।


अन्य पोस्ट