महासमुन्द

सहारा में हजारों निवेशकों के 50 करोड़ अटके, एफआईआर करने की मांग को ले कोतवाली के सामने प्रदर्शन
09-Feb-2022 4:24 PM
सहारा में हजारों निवेशकों के 50 करोड़ अटके, एफआईआर करने की मांग को ले कोतवाली के सामने प्रदर्शन

सहारा के पास जिले के 42 हजार निवेशकों की करीब 50 करोड़ राशि जमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी।
महासमुंद जिले में सहारा इंडिया के करीब 42 हजार निवेशक अपनी रकम वापसी की बाट जोह रहे हैं। लगातार आंदोलन, जिला प्रशासन को आवेदन देकर थक चुके निवेशकों के सब्र का बांध कल मंगलवार को टूट गया। बड़ी संख्या में निवेशक कोतवाली परिसर पहुंचे और सहारा इंडिया के प्रमुख के खिलाफ  एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। निवेशकों ने इस संबंध में जमकर नारेबाजी भी की। इसमें पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा भी मौजूद थे।

इस दौरान निवेशकों ने पुलिस के अधिकारियों को बताया कि सब सहारा क्रेडिट को.ऑपरेटिव सोसाइटी में महासमुंद जिले से करीबन 42000 निवेशकों की करीब 50 करोड़ राशि जमा है। सभी के पास जमा रकम की पावती भी है। जमा रकम की वापसी को लेकर समय अवधि पूर्ण हो चुकी है। इसके बाद भी संबंधित कंपनी द्वारा भुगतान नहीं किया जा रहा है। रायपुर रजबंधा मैदान मेडिकल कॉम्लेक्स के सामने स्थित जोनल कार्यालय के प्रमुख युवराज सिंग से भी कई बार संपर्क किया गया है। लेकिन वे भुगतान नहीं करा रहे हैं और न ही कोई जवाब दे रहे हैं।

मालूम हो कि सालभर पहले इस मामले को लेकर पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के समक्ष शिकायत की गई थी। शिकायत पर उन्होंने थाना कोतवाली में पदस्थ सउनि टीकाराम सारथी को जांच अधिकारी नियुक्त किया था। मामले की जांच के दौरान जांच अधिकारी ने जोनल चीफ  को बुलावा भेजा था, लेकिन वे नहीं आए। वे पिछले कई दिनों से पुलिस को ही घुमा रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कर कंपनी और उनके अधिकारियों को समय पर समय दिए जा रही है।

आंदोलन के दौरान बिंदु आचार्य, सरिता चंद्राकर, किरण शर्मा, सरोजनी सेन खान, जसवंती साहू, पंकज सोनी, कुलेश्वरी यादव, घनश्याम चंद्राकर, राकेश सोनी, संतोष चंद्राकर, विनोद चंद्राकर,  राकेश चंद्राकर, रुकमणी निषाद, राकेश श्रीवास्तव, सनत गुप्ता, आकाश मिश्रा, ईश्वर चंद्राकर, गणेश चंद्राकर, उत्तरा चंद्राकर सहित अन्य शामिल थे।


अन्य पोस्ट