महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी। महासमुंद शहर के युवा रजत चोपड़ा और कोठारी दंपती विजय और सुषमा के साथ मुंगेली जिले के किशोर संयम पारख महासमुंद में 10 फरवरी को विभिन्न स्थानों से आए जैन साधु-साध्वियों की उपस्थिति में दीक्षा लेकर वैराग्य जीवन की राह पर चलना शुरू करेंगे। चारों मुमुक्षुओं के दीक्षा समारोह के लिए महासमुंद का जैन समुदाय तैयारियों में जुटा हुआ है। चारों मुमुक्षुओं को विधि विधान और भक्तिभाव के साथ आज मंगलवार से दीक्षा समारोह की शुरुआत आचार्य पीयूष सागरसुरि मसा दीक्षित करेंगे।
मालूम हो कि महासमुंद के जैन मंदिर में मुमुक्षुओं की दीक्षा के लिए जनवरी में समारोह आयोजित होने वाला था, लेकिन जनवरी में कोरोना महामारी के तीसरी लहर के चलते इसे स्थगित करते हुए 10 फरवरी निर्धारित की गई थी। साथ ही इससे पहले महासमुंद में सिर्फ दो मुमुक्षु ही दीक्षा लेने वाले थे। लेकिन बाद में कोठारी दंपती ने भी वैराग्य जीवन धारण करने का निर्णय लिया और इसी समारोह में दीक्षा लेने के लिए तैयार हुए। जैन समाज के रितेश गोलछा ने बताया कि दीक्षा समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। आज मंगलवार से इसकी शुरुआत हुई है और 9 व 10 फरवरी को दीक्षा से संबंधित प्रमुख कार्य होंगे।
मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद के युवा रजत चोपड़ा और मुंगेली जिले के सुरगी के किशोर संयम पारख की दीक्षा के लिए खरतरगच्छाचार्य जिन पीयूषसागर मसा के मुखारविंद से पिछले 15 अगस्त को नमिउण पाश्र्वनाथ जैन तीर्थ सिवनी मध्यप्रदेश में प्रवज्या भगवती दीक्षा महासमुंद नगर में प्रदान करने का शुभ मुहूर्त दिया गया था। गौरतलब है कि दीक्षा से पहले जैन समाज कई रश्में पूरी करता है। वहीं दीक्षा के बाद मुमुक्षु सांसारिक मोह त्यागकर नए नाम के साथ साधु.संतों का जीवन व्यतीत करेंगे।