महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 फरवरी । मारपीट के मामले में आरोपी को गिरफ्तार नहीं करने के कारण युवक के परिवार को जान से मारने की धमकी मिल रही है। यहीं नहीं आरोपी गवाहों को भी धमकी दे रहा है। इससे परिवारजन व गवाह दहशत में है। यह आरोप पीडि़त ने लगाया है। मामला तुमगांव के ग्राम अमावश का है। कल सोमवार को यह परिवार पुलिस अधीक्षक के दफ्तर पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी व कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्राम अमावश निवासी मनीराम यादव ने ज्ञापन में कहा है कि विगत 4 फरवरी को गांव के योगेंद्र जेन्ड्रे ने घर में घुसकर उसके साथ व पत्नी संतोषी यादव के साथ पत्थर से मारपीट कर चोट पहुंचाया था। उसकी पत्नी तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करा रही है। आरोपी गांव में उनके परिवार के लोगों को गाली देते जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में गवाही देने वालों को भी धमकी दी जा रही है। इसकी जानकारी थाने में भी दी जा चुकी है बावजूद इसके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही।
मामले में तुमगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इस संबंध में थाना तुमगांव के प्रभार में चल रहे एसआई हर्ष धुरंधर का कहना है कि आरोपी फरार है, जिसकी पता तलाश की जा रही है। गांव में आरोपी को पकडऩे के लिए पुलिस लगातार जा रही है। जैसे ही आरोपी मिलेगा उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।


