महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी। किसी भी बीमारी का इलाज तब किया जा सकता है, जब चिकित्सक को बीमारी की जांच की सही रिपोर्ट सही समय पर मिल सके। सही समय पर सही जांच रिपोर्ट मिलने से मरीज को काफी लाभ होता है। अब लाभ दिलाने मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल के हीमेटोलॉजी लैब में रक्त जांच की रफ्तार दोगुना करते हुए जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का कार्य जारी है। मिली जानकारी के अनुसार इस लैब में साल 2021 के शुरुआती महिनों में प्रति माह बमुश्किल 10 हजार ब्लड सैंपल की जांच हो पाती थी, लेकिन मेडिकल कॉलेज के अधिग्रहण के बाद से इसकी क्षमता को दोगुना कर दिया गया है।
इस लैब में अब हर माह 20 हजार सैंपल की जांच करने का लक्ष्य रखा गया है और इसी के अनुसार कार्य हो रहा है। सभी जांच के लिए आधुनिक तकनीक का प्रयोग चाहे व शल्य क्रिया हो या फिर किसी भी प्रकार का उपचार, उस उपचार के लिए ब्लड की विस्तृत जांच और सही जानकारी होना बहुत जरूरी है। इसे ही ध्यान में रखते हुए हीमेटोलॉजी लैब में जांच की संख्या को दोगुना कर दी गई है। इस लैब में लगभग सभी प्रकार के ब्लड जांच आज अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से किया जा सकता है। अलग-अलग प्रकार के जांच के लिए समय भी अलग-अलग लगते हैं, फिर भी अगले दिन तक लोगों को इसकी जांच रिपोर्ट प्रदान करने का काम मेडिकल कॉलेज के हिमेटोलॉजी लैब में किया जा रहा है।
हिमेटोलॉजी लैब में रक्त जांच की संख्या में इजाफा किया गया है, तो साथ ही सैंपल कलेक्ट करने औऱ रिपोर्ट प्रदान करने के अंतराल को भी कम करने पर फोकस किया गया है। मेडिकल कॉलेज पैथलॉजी विभाग की प्रमुख डॉ.शशिकला ने बताया कि सैंपल लेने के बाद जो वक्त मरीज को दिया गया है, उसी समय तक रिपोर्ट दी जा रही है, जिससे मरीज जल्द इस रिपोर्ट के साथ चिकित्सक से मिलकर अपना उपचार कर सकता है।
मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में अब हर माह 20 हजार ब्लड जांच के होने से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ होगा। एक तो शासकीय संस्था होने के कारण उन्हें अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं होगा और पहले की अपेक्षा ज्यादा लोग अब लाभान्वित हो रहे हैं। साथ ही बड़ी मांत्रा में रक्त के सभी प्रकार के जांच होने से मरीजों को निजी संस्थानों और बड़े शहरों में जाने की आवश्यकता भी नहीं होगी। मेडिकल कॉलेज संबद्ध चिकित्सालय के अक्षीक्षक डॉ. संतोष सोनकर के मुताबिक अभी हीमेटोलॉजी के कार्यों को रफ्तार दिया गया है।
लैब में अत्याधुनिक मशीनों के साथ गुणवत्तापूर्ण जांच रिपोर्ट जल्द ही लोगों को दी जा रही है। हम इससे संबंधित हर सुविधा को मरीजों को प्रदान करने के लिए प्लानिंग पर काम कर रहे हैं। आगे आने वाले दिनों में और भी कई प्रकार की सुविधाएं लोगों को मिलेंगी।