महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 फरवरी । बीते शुक्रवार की सुबह हुए हादसे के 15 घंटे बाद रात 8 बजे मोपेड क्रमांक सीजी 06 जीयू 8775 में ग्राम सिरगिड़ी निवासी सेनपाल साहू व श्रीराम साहू महासमुंद से वापस गांव लौट रहे थे। दोनों झालखम्हरिया के पास पहुंचे थे। सडक़ किनारे बिना संकेतक दिए खड़ेे ट्रक क्रमांक एमपी 18 एच 4463 से टकरा गए और चोट आने के कारण सेनपाल साहू पिता सखाराम साहू 65 साल की मौत हो गई। वहीं श्रीराम साहू (60) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मालूम हो कि शुक्रवार की सुबह गांधीनगर कालीबाड़ी रायपुर निवासी श्याम जगत (32) पिता बेनु जगत शुक्रवार सुबह चार बजे अपनी बाइक क्रमांक सीजी 04 एमबी 1486 से पत्नी पद्मिनी तांडी को बिठाकर सगाई में शामिल होने टिटलागढ़ ओडिशा जा रहा था। घटना दिनांक की सुबह 5.30 बजे जैसे ही वह राष्ट्रीय राजमार्ग 353 झालखम्हरिया के पास पहुंचा, बिना संकेतक खड़े ट्रक क्रमांक एमपी18 एच 4463 को देख नहीं पाया और उससे जा टकराया। इससे चालक श्याम जगत की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी घायल हो गई। पुलिस ने हादसे के दूसरे दिन एक ही घटना स्थल पर दो हादसे को लेकर ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।


