महासमुन्द
महासमुंद, 6 फरवरी। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वकांक्षी योजना राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का 3 फरवरी को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के 3 लाख 55 हितग्राहियों के बैंक खाते में पहली किश्त जमा की गई है। इसमें महासमुंद जिले के 33228 हितग्राही भी शामिल हैं। राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना शुभारंभ के साथ.साथ राजीव मितान क्लब का गठन किया गया है।
महासमुंद कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर ने इस मामले में बताया है कि कोरोना ने सबसे ज्यादा भूमिहीन कृषि मजदूरों को प्रभावित किया है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने भूमिहीन कृषि मजदूरों की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना की शुरुआत की है।
इन्होंने कहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी कोरोना को देखते हुए केंद्र सरकार से लगातार कहते आ रहे हैं कि मजदूर वर्ग के लोगों को सरकार के द्वारा आर्थिक सहायता देनी चाहिए। जबकि केंद्र सरकार के द्वारा अभी तक मजदूर वर्ग के लोगों को कोई भी सहयोग प्रदान नहीं किया गया है।


