महासमुन्द
तार बिछाने वाला गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 फरवरी। पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम भीथीडीह में 22 जनवरी को मिले युवक के शव मामले में महासमुंद पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने घटना के 12 दिन बाद एक युवक को गिरफ्तार किया है, एक फरार है। गिरफ्तार युवक ग्राम भीथीडीह डीपापारा निवासी लीलाधर ठाकुर (25) है। वहीं मामले का एक अन्य आरोपी पिथौरा के ग्राम खुसरूपाली निवासी भुरू बरिहा फरार है।
इस मामले में खुलासा यह हुआ है कि आरोपी ने अपने खेत में करंट प्रवाहित किया था। जिसकी चपेट में आने से मुकेश भोई की मौत हुई थी। घटना के बाद आरोपी ने मुकेश के शव को उठाकर 500 मीटर दूर बृजलाल खडिय़ा पिता धनसिंह खडिया के खेत में फेंक दिया था। कल गुरूवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने पुलिस कंट्रोल रूम में मामले का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि 22 जनवरी की सुबह 7 बजे पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम भीथीडीह कटेलपारा निवासी बृजलाल खडिय़ा पिता धनसिंह खडिय़ा अपने खेत में फसल देखने गए थे। उसी दौरान उसने खेत में युवक का शव देखा। बृजलाल ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू हुई। उस दिन पुलिस मृतक की पहचान नहीं कर पाई। घटना के 5 दिन बाद 27 जनवरी को मृतक की पहचान मुकेश भोई पिता दासरथी भोई 31 साल निवासी गिधपुरी थाना राजादेवरी जिला बलौदाबाजार के रूप में हुई।
मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू किया। कार्रवाई में पिथौरा थाना प्रभारी केशव कोसले, साइबर सेल प्रभारी संजय सिंह राजपूत, एएसआई सिकंदर भोई, प्रधान आरक्षक श्रवण कुमार दास, आरक्षक देव कोसरिया, शैलेष ठाकुर शामिल थे।
मृतक के पिता दासरथी भोई ने पुलिस को बताया कि मुकेश रायपुर के उरला स्थित ऑयल मिल में काम करता था। मुकेश 17 जनवरी को अपने गांव गिधपुरी में छेरछेरा मनाने के लिए आया था। इसके बाद वह अपने जीजा महेंद्र भोई के यहां ग्राम किशनपुर थाना पिथौरा चला गया। पुलिस टीम तत्काल किशनपुर पहुंची और महेंद्र भोई से पूछताछ शुरू की। पहले तो महेंद्र ने कहा कि मुकेश गांव आया था और उसी दिन वापस चला गया। पुलिस ने जब कड़ाई दिखाई तो महेंद्र ने बताया कि मुकेश आया था और यहीं रुका भी। 21 जनवरी को वह ग्राम रामपुर निवासी मणिलाल यादव पिता धनीराम यादव 55 साल के साथ शिकार करने गया था। इसके बाद पुलिस ने मणिलाल यादव से पूछताछ की।
मणिलाल ने पुलिस को बताया कि 21 जनवरी को वह अक्षय कुमार भोई और मुकेश के साथ बाइक से ग्राम किशनपुर से भीथीडीह गया। अक्षय वहां दोनों को छोडक़र वापस चला गया। दोनों जंगल की ओर शिकार करने जा रहे थे। तभी डीपापारा भीथीडीह निवासी लीलाधर ठाकुर के खेत में लगे तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में मुकेश आ गया और उसकी मौत हो गई। मुकेश की मौत के बाद मणिलाल डर गया और भागकर किशनपुर पहुंचा। उसने मुकेश के जीजा महेंद्र भोई को घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर तय किया कि घटना के बारे में किसी को कुछ नहीं बताएंगे। लीलाधर के खेत में लगे करंट से मुकेश की मौत की जानकारी होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने करंट लगाना स्वीकार किया। साथ ही बताया कि उसने खुसरूपाली निवासी भुरू बरिहा के साथ मिलकर मुकेश के शव को अपने खेत से दूर बृजलाल खडिय़ा के खेत में फेंक दिया था।
एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर बताया कि लीलाधर ठाकुर ने अपने खेत में सब्जी-भाजी की फसल ली है। फसल की सुरक्षा के लिए कोई फेंसिंग घेरा या बाउंड्रीवॉल नहीं है। गांव बार नवापारा के जंगल से लगा हुआ है। ऐसे में फसल को बचाने के लिए लीलाधर खेत में जीआई तार के माध्यम से रात में करंट लगाता था। 21 जनवरी की रात को मृतक मुकेश भोई और मणिलाल जंगल की ओर शिकार करने जा रहे थे। इसी दौरान मुकेश लीलाधर के खेत में लगे करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद मणिलाल वहां से भाग गया। वहीं रात में 3 बजे के आस-पास लीलाधर की नींद खुली तो उसने खेत में जाकर जांच की। वहां एक व्यक्ति मृत पड़ा हुआ मिला। इससे वह डर गया और अपने साथी भुरू बरिहा को बुलाकर दोनों ने मिलकर मृतक के शव को उठवाकर बृजलाल के खेत में फेंक दिया। साथ ही दोनों ने करंट लगाने के लिए उपयोग किए गए तार को अपने ही खेत में गड्ढा खोदकर छिपा दिया।