महासमुन्द
दर्ज प्रकरणों को जल्द निपटाने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 फरवरी । कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई।
यह बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित की जाती है। बैठक में सर्वप्रथम आदिवासी विभाग के सहायक आयुक्त एलआर कुर्रे ने पूर्व की बैठक में लिए गए निर्णय के बारे में पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। साथ ही अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 धारा 4-4 अंतर्गत अनुसंधान में लंबित प्रकरणों की संख्या, आकस्मिकता योजना नियम 1995 के अंतर्गत स्वीकृत राहत राशि, अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के संबंध में न्यायालय में दर्ज प्रकरणों की अद्यतन जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला स्तरीय सतर्कता मॉनिटरिंग समिति के शासकीय एवं अशासकीय सदस्य एसआर बंजारे, पारेश्वर सिंह राय, विसम्बर नाथ घृतलहरे, यदुनंदन पांडे, हरीश चंद्राकर, अजाक के एसडीओपी अनंत त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार पीडि़त लोगों की सहायतार्थ दर्ज प्रकरणों को त्वरित गति से निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।
उन्होंने चालान की धाराओं का अवलोकन कर वास्तविक स्थिति एवं नियमों के प्रावधानों के अनुसार सहायता राशि पीडि़तों के लिए स्वीकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक आयुक्त श्री कुर्रे ने बताया कि अनुसूचितजाति, जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 धारा 4-4 के तहत अजाक में अनुसूचित जाति के 08 एवं अनुसूचित जनजाति के 10 प्रकरण लंबित है।