महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 फरवरी। सासंद चुन्नीलाल साहू ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि झारा बागबाहरा धान खरीदी केंद्र में भाजपा किसान मोर्चा के प्रतिनिधि मंडल ने बीते 31 जनवरी को धान खरीदी की समय सीमा को बढ़ाने व अन्य किसान हितों को लेकर क्षेत्र के सभी सोसायटी में औचक निरीक्षण के दौरान समिति में धान बेच रहे किसानों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से शिकायत की है कि किसानों के धान तौल में प्रति कट्टा 2 से 3किलो अतिरिक्त धान दबाव पूर्वक तौला जा रहा है। इससे किसानों को आर्थिक क्षति हो रही है। उन्होंने कहा है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने किसानों व समिति के कर्मचारियों की उपस्थिति में स्टेक में रखे 4-5 कट्टा धान को तौला तो सभी कट्टे में 2 से 3 किलो अतिरिक्त धान पाया गया।
सांसद साहू ने बताया कि झारा समिति में कुल 843 पंजीकृत किसानों के1156 हेक्टेयर कृषि भूमि से 43000क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है जिसमें से 40600 क्विंटल अर्थात 16240 कट्टा धान अब तक खरीदा जा चुका है। प्रति कट्टा 3किलो के मान से लगभग 500 क्विंटल 12,50,000 रुपये का धान किसानों से अतिरिक्त तौल कर लाखों रुपये की कालाबाजारी समिति प्रबंधक, कम्प्यूटर आपरेटर, तौल प्रभारी की मिलीभगत से की गई है।
किसान विनोद त्रिवेदी, बालाराम साहू, धनेश्वर साहू, नरेन्द्र कुमार साहू, सृजन त्रिवेदी, ब्रिजबिहारी, लोचन लोकेश साहू, ग्राम कोल्दा रमाकांत साहू ग्राम पाली तथा हुकूमचंद निषाद, रुपसिंग दीवान ग्राम झारा धान विक्रय हेतु उपस्थित थे और इनकी शिकायत पर धान को तौला गया। किसानों की यह भी शिकायत है कि टोकन काटने व धान ग्रेडिंग के लिए भी मोटी रकम की वसूली की जाती है। विरोध करने पर धान को लाल पीला बताकर वापस कर किसानों को मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान किया जाता है। सांसद साहू ने इस कालाबाजारी एवं भ्रष्टाचार की जांच त्वरित करवाने व दोषियों पर कड़ी से कार्रवाई करने कलेक्टर महासमुंद को कहा है।