महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी। शासकीय मेडिकल कॉलेज महासमुंद और संबद्ध जिला चिकित्सालय के विकास व उन्नयन के लिए शासन ने 2.5 करोड़ रुपए का बजट प्रदान किया है। इस बजट की मदद से कॉलेज के विकास के साथ-साथ हॉस्पिटल में ऑपरेशन थिएटर बनाया जाएगा। हॉस्पिटल को डिजिटलाइज करने के साथ अन्य योजना पर भी कार्य होगा। इसके लिए अभी स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जिसके बाद टेंडर संबंधी कार्य होंगे। मेडिकल कॉलेज के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस कार्य के लिए सोमवार को ही सीजीएमएससी के इंजीनियर ने अस्पताल परिसर में कहां-कहां, क्या-क्या विकसित किया जा सकता है इसका जायजा लिया। इसके बाद अब इंजीनियर इसका स्टीमेट तैयार करेंगे।
जानकारी के अनुसार इस बजट से अस्पताल में और भी ऑपरेशन थिएटर बनाना प्राथमिकता में रखा गया है ताकि मेजर और माइनर ऑपरेशन की संख्या को बढ़ाया जा सके। वर्तमान में सिर्फ दो ऑपरेशन थिएटर का उपयोग किया जा रहा है और महीनेभर में डेढ़ सौ से अधिक मेजर और माइनर ऑपरेशन किए जा रहे हैं। नए ऑपरेशन थिएटर के बनने से इसकी संख्या में और इजाफा होगा।
चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर के मुताबिक अस्पताल और कॉलेज के उन्नयन के लिए बजट प्राप्त हुआ है। बजट प्राप्त होने से अस्पताल के विकास को लेकर प्लानिंग और इस्टीमेट का कार्य जारी है। जल्द ही अस्पताल के विकास कार्य शुरू हो जाएंगे।
इस बजट से ही कॉलेज के विकास का कार्य भी किया जाना है ताकि भविष्य में मान्यता मिलने के बाद छात्रों को अच्छी शिक्षा सुविधाएं प्राप्त हो सकें। मालूम हो कि कॉलेज की मान्यता रद होने के बाद 31 दिसंबर को ही कॉलेज प्रबंधन ने फिर से मान्यता के लिए एनएमसी नेशनल मेडिकल कमीशन को आवेदन किया जिसे स्वीकार भी कर लिया गया। वर्तमान में अभी मेडिकल कॉलेज के सीट्स के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है। जिसके बाद मार्च अंत में एनएमसी की टीम कॉलेज के निरीक्षण के लिए आ सकती है। टीम के आने के पहले कॉलेज के लिए लैब निर्माण और अन्य स्पेस मैनेजमेंट भी इसी बजट के माध्यम होगा।