महासमुन्द
छत्तीसगढ़ संवाददाता
महासमुंद, 1 फरवरी। राज्य सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा पिथौरा मंडल ने धान खरीदी केंद्र डीघेपुर में धरना-प्रदर्शन कर पांच सूत्रीय मांग की। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एवं युवा मोर्चा पूर्व जिला कोषाध्यक्ष स्वप्निल तिवारी ने कहा कि प्रदेश की भूपेश सरकार को किसानों से कोई सरोकार नहीं है। पूरे प्रदेश में बेसमय वर्षा व ओलावृष्टि से किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। प्रदेश भर में बारदाने के लिए किसान परेशान है। रबी फसल के लिए किसानों को खाद नहीं मिल रही हैं। ऐसी अनेक समस्याओं से प्रदेश के किसान परेशान हैं।
भाजपा द्वारा किए जा रहे मांग में मुख्य रूप से धान खरीदी के समय को बढ़ाकर 15 फरवरी तक करने, रबी फसल के लिए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने, असमय ओलावृष्टि एव बारिश से हुए नुकसान की तत्काल क्षति पूर्ति, लंबित स्थाई विद्युत कनेक्शन तत्काल देने, पिछले वर्ष के धन की बकाया राशि एवं दो वर्ष का बोनस तत्काल प्रदान करने जैसी मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा नेता गौतम पटेल, राजेश चौधरी, हेतराम साहू, देव पटेल, पवन अग्रवाल, भूषण मिर्धा, हलधर ध्रुव, बलराम पटेल, राजेंद्र पटेल, कुमहुक सिंह, हेमप्रशाद पटेल, जोगीराम ध्रुव, शिवचरण, कुणाल दास, गजेंद्र दास, पंचराम ठाकुर, विनोद डडसेना, तिरथराम साहू, देवकुमार पात्रे, भरत पटेल, मनोज पटेल, लक्ष्मीदास, उमेंद ध्रुव मुख्य रूप से उपस्थित थे।