महासमुन्द
महासमुंद, 31 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष व पूर्व संसदीय सचिव रूपकुमारी चौधरी ने कहा है कि रेडी टू ईट योजना से महिला स्वसहायता समूहों को अलग करने के प्रदेश सरकार के फैसले पर उच्च न्यायालय द्वारा लगाई गई रोक महिला सशक्तीकरण की दिशा में ऐतिहासिक फैसला है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ के हर तबके के लोगों के साथ अन्याय की पराकाष्ठा कर दी है। महिला सशक्तीकरण, महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सम्मानपूर्वक जीवनयापन के अवसर मुहैया कराने की महज जुमलेबाजी करती प्रदेश सरकार ने हर मोर्चे पर महिलाओं के साथ धोखाधड़ी और वादाखिलाफी की।
श्रीमती चौधरी ने कहा है कि पांच लाख सरकारी नौकरियां और 45 लाख रोजगार देने के झूठे दावे करके इठलाती इस प्रदेश सरकार को महिलाओं के चलते रोजगार पर लात मारने जैसा घृणित कृत्य तक करने में कोई हिचक नहीं हुई और एक झटके में रेडी टू ईट योजना से महिला स्व सहायता समूहों को अलग करके हजारों महिलाओं को बेरोजगार कर दिया था। जिन्हें हाई कोर्ट की अंतरिम रोक के बाद राहत मिली है।
श्रीमती चौधरी ने प्रदेश सरकार से हाथ जोड़ कर समूचे प्रदेश की मातृशक्ति से माफ ी मांगने की नसीहत दी है और कहा है कि रेडी टू ईट मामले में कोर्ट का फैसला आर्थिक स्वावलंबन की राह पर चल रही मातृ.शक्ति के हक की जीत और असंवेदनशील भूपेश.सरकार के लिए सबक है।