महासमुन्द

खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाएं कांग्रेस सरकार-चुन्नीलाल
31-Jan-2022 6:06 PM
खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाएं कांग्रेस सरकार-चुन्नीलाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 जनवरी। सांसद चुन्नीलाल साहू ने छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर रासायनिक खाद की कालाबाजारी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छत्तीसगढ़ को पर्याप्त मात्रा में रासायनिक खाद की आपूर्ति की गई है, जिसे खुले बाजार में भेजकर कांग्रेस नेता और उनकी सरकार सहकारी समितियों में बनावटी अभाव बता रहे हैं। कांग्रेस सरकार को किसान हितैषी होने का ढोंग रचने वाली करार देते हुए सांसद साहू ने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा कालाबाजार को दिए जा रहे संरक्षण के चलते किसान सहकारी समितियों में मिलने वाले रासायनिक खाद को अधिक दाम पर खरीदने मजबूर हैं। यदि वास्तव में रासायनिक खाद की कमी है तो खुले बाजार में इसकी उपलब्धता कैसे हो रही है, इसकी जांच कराई जाए।

सांसद श्री साहू का आरोप है कि छत्तीसगढ़ में शासन और प्रशासन की मिलीभगत के चलते सहकारी समितियों में मिलने वाले 267 रुपये के यूरिया खाद को खुले बाजार से छह सौ रुपये में खरीद रहे हैं। इसी प्रकार 12 सौ रुपये का डीएपी 16 सौ से 17 सौ रुपए, 340 रुपए  का राखड़ पांच सौ रुपए तथा हजार रुपए में बिकने वाला पोटाश 15 सौ रुपए में बेची जा रही है। सांसद ने खाद की कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए किसानों को उचित दाम पर सहकारी समितियों के माध्यम से खाद उपलब्ध कराने कहा है।

उन्होंने यह भी कहा है कि सहकारी समितियों में किसानों को वर्मी कंपोस्ट खाद खरीदने की बाध्यता को खत्म किया जाए। रबी फसल के लिए किसानों को जिस भी रासायनिक खाद की आवश्यकता है, वह सुगमता पूर्वक उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि किसान आए दिन प्राकृतिक आपदाओं से पीडि़त होते रहते हैं। ऐसी स्थिति में उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर करना उचित नहीं होगा। यदि वास्तव में राज्य की सरकार किसान हितैषी होने का दावा करती है तो खाद की उपलब्धता के लिए व्यापारियों का खजाना खोल देना चाहिए।


अन्य पोस्ट